Allahabad High Court Judges Transfer: उत्तर प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने राज्यभर में बड़े पैमाने पर न्यायिक अधिकारियों के तबादले करते हुए 1086 जजों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है. यह कदम जिला अदालतों के कामकाज को बेहतर, संतुलित और सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से उठाया गया है. हाईकोर्ट के इस फैसले को न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
किस रैंक के कितने जजों का हुआ तबादला?
इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से जारी ट्रांसफर लिस्ट के अनुसार कुल 1086 न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है. इसमें 408 एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज (ADJ), 277 सिविल जज सीनियर डिवीजन और 401 सिविल जज जूनियर डिवीजन शामिल हैं. ये ट्रांसफर प्रदेश के लगभग हर जिले को कवर करते हैं, जिससे न्यायिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है.
चीफ जस्टिस के आदेश पर हुआ फेरबदल
यह सभी तबादले इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण भंसाली के आदेश पर किए गए हैं. ट्रांसफर से जुड़ी अधिसूचना हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल मनजीत सिंह श्योराण की ओर से जारी की गई है. आदेश के अनुसार, हाईकोर्ट और लखनऊ बेंच में तैनात अधिकारी 15 अप्रैल की दोपहर तक अपनी मौजूदा पोस्ट का चार्ज सौंपेंगे.
ई‑मेल के जरिए लेंगे नई तैनाती का चार्ज
ट्रांसफर आदेश के तहत टैबद्ध अधिकारियों को इलाहाबाद हाईकोर्ट या लखनऊ बेंच से ई‑मेल के माध्यम से अपनी नई पोस्टिंग का चार्ज लेना होगा. कोर्ट की अनुमति से उन्हें वर्तमान तैनाती से रिलीव किया जाएगा और नई जिम्मेदारी संभालने तक वे हाईकोर्ट से जुड़े रहेंगे.
कई अहम रजिस्ट्रार पदों पर नई नियुक्तियां
ट्रांसफर लिस्ट में कई महत्वपूर्ण रजिस्ट्रार पदों पर भी बदलाव किए गए हैं.
- वरुण मोहित निगम, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बुलंदशहर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में नया रजिस्ट्रार (न्यायिक) (लिस्टिंग) बनाया गया है.
- भागीरथ वर्मा, एडीजे/स्पेशल जज, सीतापुर को रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) (स्टेशनरी), लखनऊ बेंच नियुक्त किया गया है.
- ज्ञान प्रकाश तिवारी‑II, बलिया को रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) (क्रिमिनल), प्रधान पीठ बनाया गया है.
- देवेंद्र नाथ गोस्वामी, संत कबीर नगर को जॉइंट रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) (नजारत), लखनऊ बेंच भेजा गया है.
- धीरेंद्र कुमार‑II, लखनऊ को रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) (अकाउंट) बनाया गया है.
- निशांत सिंगला, मुजफ्फरनगर को जॉइंट रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) (इंस्पेक्शन) नियुक्त किया गया है.
हाईकोर्ट वेबसाइट पर अपलोड पूरी लिस्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर सभी ट्रांसफर किए गए न्यायिक अधिकारियों की सूची अपलोड कर दी गई है. सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तय समय में नई तैनाती पर ज्वाइन करें और आदेशों का पालन सुनिश्चित करें.














