आगरा: हॉर्न बजाने को लेकर दो पक्षों में बवाल, जमकर हुआ पथराव, घर के छप्पर में लगाई आग

आगरा के पिनाहट क्षेत्र के संवालदासपुरा गांव में गाड़ी का हॉर्न बजाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक बवाल हो गया. छतों से जमकर पथराव हुआ और एक घर के छप्पर में आग लगा दी गई. हालात बिगड़ने पर मौके पर कई थानों का पुलिस बल बुलाया गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Agra Violence Horn Dispute: आगरा के एक गांव में मामूली बात ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. गाड़ी का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते‑ही‑देखते बड़े बवाल में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, घरों की छतों से ईंट‑पत्थर बरसाए गए और एक पक्ष के घर के छप्पर में आग तक लगा दी गई. हालात इतने बिगड़े कि पुलिस को कई थानों का बल बुलाना पड़ा.

पिनाहट क्षेत्र के गांव में मचा बवाल

यह घटना आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव संवालदासपुरा की है. बताया जा रहा है कि सड़क पर गाड़ी का हॉर्न बजाने को लेकर दोनों पक्ष आमने‑सामने आ गए. शुरू में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गांव में अफरा‑तफरी मच गई.

छतों से हुई ईंट‑पत्थरों की बारिश

विवाद बढ़ते ही दोनों पक्ष अपने‑अपने घरों की छतों पर चढ़ गए और एक‑दूसरे पर जमकर ईंट‑पत्थर फेंकने लगे. पथराव के चलते गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस घटना में कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.

घर के छप्पर में लगाई गई आग

हंगामे के बीच एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर के छप्पर में आग लगा दी. आग उठते ही गांव में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पानी डालकर आग पर काबू पाया और बड़ा हादसा होने से रोक लिया. इस बवाल के दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग होने का भी आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग हुई या नहीं. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

Advertisement

कई थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया

स्थिति को काबू में करने के लिए पिनाहट क्षेत्र में कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया. पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ देर तक लोग एक‑दूसरे पर हमलावर नजर आए, लेकिन बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया.

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

गांव में हुए इस बवाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों पक्ष एक‑दूसरे पर ईंट‑पत्थर फेंक रहे हैं. पुलिस ने वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है. हालात को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है और पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.  

Advertisement
Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti |PM Modi on Gold: सोने का सवाल, सियासी बवाल! राजकुमार भाटी को एंकर ने दिखाया आईना!