Wrong UPI Payment: आज के डिजिटल दौर में अधिकतर लोग UPI से पेमेंट करते हैं. इसके जरिए भुगतान करना जितना ज्यादा आसान हो गया है, उतनी ही एक छोटी सी गलती भी बहुत भारी पड़ सकती है. अक्सर जल्दबाजी में गलत मोबाइल नंबर या UPI ID दर्ज करने से पैसा किसी अनजान व्यक्ति के खाते में चला जाता है. ऐसी स्थिति में ज्यादातर लोग घबरा जाते हैं और सामने वाले को बार-बार फोन करने लगते हैं. इससे कई बार पैसा वापिस नहीं मिलता और विवाद भी हो जाता है. अगर आप भी कभी ऐसी गलती का शिकार हो जाएं, तो परेशान होने की जगह कुछ जरूरी कदम उठाएं ताकि आपके पैसे सुरक्षित रहें. हाल ही में राजस्थान पुलिस ने आधिकारिक X हैंडल से वीडियो पोस्ट किया है और लोगों को बताया कि ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए. आइए जानते हैं...
यह भी पढ़ें: कोई और तो नहीं कर रहा आपके आधार कार्ड का इस्तेमाल? घर बैठे ऐसे जान लें पूरी हिस्ट्री
गलत UPI पेमेंट हो जाए तो क्या करें?
- सबसे पहले ट्रांजैक्शन और UTR यानी ट्रांजैक्शन आईडी का स्क्रीनशॉट लें.
- इस स्क्रीनशॉट में तारीख, टाइम और पेमेंट का अमाउंट साफ दिखना चाहिए.
- इसके बाद 1930 पर डायल करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं.
- फिर जिस ऐप से आपने पेमेंट किया है वहां Help or Support ऑप्शन में जाएं.
- इस ऑप्शन से आप Wrong UPI Transfer की शिकायत डाल दें.
- इस पूरी प्रक्रिया से आपका पैसा सुरक्षित रहेगा.
साइबर ठगी हो जाए क्या करें?
अगर इसके बावजूद भी आपके साथ किसी तरह की साइबर ठगी या धोखाधड़ी हो जाती है तो तुरंत http://cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें. इसके अलावा आप अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
इस बात का रखें ध्यान
कई बार ऐसे मौके आते हैं जब जल्दी में पेमेंट करना पड़ता है, जैसे फ्लैश सेल के दौरान या कहीं देर हो रही हो. लेकिन ऐसे समय में भी यूजर्स को पेमेंट करते समय सावधानी बरतनी चाहिए. ऐसे में आप अधिकतर QR कोड स्कैन करके ही पेमेंट करें. UPI ऐप से भुगतान करने से पहले रिसीवर का नाम जरूर कन्फर्म करें. इसके साथ ही अगर आप मोबाइल नंबर के जरिए पैसे भेज रहे हैं, तो नंबर को अच्छे से चेक कर लें और उसके बाद ही पैसे ट्रांसफर करें.














