गर्मी में फोन ओवरहीट हो जाए तो कभी नहीं करें ये गलतियां, बढ़ सकता है नुकसान और फटने का खतरा

गर्मी में फोन का ओवरहीट हो जाना आम समस्या है. हालांकि, फोन के गर्म होने से ज्यादा खतरनाक वे गलतियां हैं जो लोग उस समय कर बैठते हैं. ये गलतियां बैटरी को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ गंभीर हादसे का कारण भी बन सकती हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि फोन ओवरहीट होने पर क्या नहीं करना चाहिए.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फोन गर्म होने पर क्या नहीं करना चाहिए?
(P.C- NDTV)

गर्मी के मौसम में स्मार्टफोन का गर्म होना एक आम समस्या है. इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं. जैसे- तेज धूप में इस्तेमाल करना, बड़े फाइल डाउनलोड करना, लंबे समय तक गेम खेलना, वीडियो स्ट्रीमिंग, लगातार इस्तेमाल करना या फास्ट चार्जर के इस्तेमाल से भी फोन गर्म हो जाता है. इसके अलावा, वायरलेस चार्जिंग, मोबाइल हॉटस्पॉट का इस्तेमाल, कमजोर नेटवर्क एरिया में काम करना और बैकग्राउंड में ज्यादा ऐप्स चलना भी ओवरहीटिंग की वजह बन सकते हैं. हालांकि, कई बार लोग फोन के गर्म होने पर ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो डिवाइस और बैटरी दोनों के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं. ऐसे में अगर आपका फोन भी जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है, तो कुछ बातों का खास ध्यान रखना जरूरी है.

फोन गर्म हो जाए तो क्या नहीं करना चाहिए?

चार्जिंग पर न लगाएं

अगर फोन पहले से गर्म है, तो उसे तुरंत चार्जिंग पर लगाने की गलती न करें. चार्जिंग के दौरान बैटरी पर ज्यादा दबाव पड़ता है, जिससे तापमान और बढ़ सकता है. पहले फोन को ठंडा होने दें, फिर चार्ज करें.

फोन को फ्रिज, फ्रीजर या एसी के ठीक सामने न रखें

कई लोग फोन के गर्म होने पर उसे एसी में रख देते हैं, तो कुछ फोन को जल्दी ठंडा करने के लिए उसे फ्रिज या फ्रीजर में रख देते हैं. यह सबसे बड़ी गलतियों में से एक है. अचानक तापमान बदलने से फोन के अंदर नमी जमा हो सकती है, जिससे इंटरनल पार्ट्स खराब होने का खतरा बढ़ जाता है.

चेतावनी संदेश को नजरअंदाज न करें

कई स्मार्टफोन ज्यादा गर्म होने पर स्क्रीन पर ओवरहीटिंग की चेतावनी देते हैं. ऐसे समय में फोन की ब्राइटनेस कम हो सकती है, चार्जिंग रुक सकती है और कुछ फीचर्स बंद हो सकते हैं. इस चेतावनी को नजरअंदाज बिल्कुल न करें. अगर आपके फोन में इस तरह का कोई अलर्ट आता है, तो फोन का इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें.

Advertisement
बहुत सारे ऐप्स बैकग्राउंड में न चलने दें

एक साथ कई ऐप्स खुले रहने पर प्रोसेसर लगातार काम करता रहता है. इससे फोन अधिक गर्म हो सकता है. जरूरत न होने पर बैकग्राउंड ऐप्स बंद कर दें, साथ ही गैर-जरूरी फाइलें और ऐप्स हटाते रहें.

फोन गर्म हो जाए तो क्या करें?
  • सबसे पहले फोन को कुछ देर के लिए इस्तेमाल करना बंद कर दें. 
  • जरूरत हो तो फोन को 10-15 मिनट के लिए स्विच ऑफ कर दें. 
  • Wi-Fi, Bluetooth और GPS जैसी सुविधाएं बंद करें और स्क्रीन की ब्राइटनेस भी कम कर दें.
  • अगर फोन पर कवर लगा है, तो उसे भी हटा सकते हैं ताकि गर्मी आसानी से बाहर निकल सके.

इन बातों का भी रखें ध्यान

खराब चार्जर और केबल का इस्तेमाल न करें

डैमेज यूएसबी केबल, लोकल चार्जर या खराब बैटरी ओवरहीटिंग की बड़ी वजह बन सकते हैं. हमेशा कंपनी द्वारा प्रमाणित चार्जर और अच्छी क्वालिटी की केबल का ही इस्तेमाल करें.

Advertisement
चार्जिंग के दौरान गेमिंग या वीडियो न देखें

कई लोग फोन चार्ज करते समय गेम खेलते हैं या वीडियो देखते रहते हैं. ऐसा करने से प्रोसेसर और बैटरी दोनों पर एक साथ दबाव पड़ता है. इससे फोन तेजी से गर्म होता है और बैटरी की सेहत पर भी बुरा असर पड़ सकता है.

सीधी धूप में फोन का इस्तेमाल न करें

धूप में लंबे समय तक फोन का इस्तेमाल करने से तापमान तेजी से बढ़ता है. खासकर कार में डैशबोर्ड पर, बाइक की फोन माउंट पर या खुले मैदान में फोन को धूप में छोड़ना खतरनाक हो सकता है.

यह भी पढ़ें- AC के साथ stabilizer लगाना चाहिए या नहीं? नया AC खरीदने से पहले जान लें सही जवाब

Featured Video Of The Day
खान सर पर एक और मुसीबत! सील होगा कोचिंग सेंटर? | Khan Sir News
Topics mentioned in this article