SHE Marts Mission: सरकार ने बजट 2026 में महिलाओं के लिए एक नई और खास योजना की घोषणा की है, जिसका नाम है SHE Marts Mission. इस योजना का मकसद ग्रामीण महिलाओं को सिर्फ कर्ज लेने वाली नहीं, बल्कि अपने खुद के बिजनेस की मालिक बनाना है.
SHE का मतलब है Self-Help Entrepreneur, यानी स्वयं सहायता उद्यमी. इस मिशन के तहत देश के हर जिले में SHE Mart खोले जाएंगे. ये ऐसे रिटेल स्टोर होंगे, जिन्हें महिलाएं खुद चलाएंगी और जिनमें ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूह (SHG) द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट्स बेचे जाएंगे.
SHE Marts Mission क्यों शुरू किया गया?
अब तक कई महिलाएं छोटे स्तर पर काम तो कर रही थीं, लेकिन उनके पास स्थायी बाजार नहीं था. सरकार चाहती है कि महिलाएं सिर्फ उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि अपने सामान को बड़े स्तर पर बेच सकें. इस योजना की नींव लखपति दीदी योजना की सफलता पर रखी गई है. अब अगला कदम यह है कि महिलाएं अपने काम को बिजनेस में बदलें और अच्छी कमाई करें. SHE Mart गांव और शहर के ग्राहकों के बीच की दूरी को कम करेगा.
SHE Marts में ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए कई तरह के सामान बेचे जाएंगे, जैसे-
- हैंडमेड और हस्तशिल्प के प्रोडक्ट
- अचार, पापड़, मसाले और दूसरे फूड प्रोडक्ट
- कपड़े, सिलाई-कढ़ाई का काम
- बांस, मिट्टी और लकड़ी से बने सामान
- लोकल और पारंपरिक उत्पाद
सरकार इन प्रोडक्ट्स की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और क्वालिटी बेहतर बनाने में भी मदद करेगी, ताकि वे बाजार में अच्छे दाम पर बिक सकें.
कौन महिलाएं आवेदन कर सकती हैं?
यह योजना खासतौर पर ग्रामीण महिलाओं के लिए है. इसपर वे महिलाएं आवेदन कर सकती हैं जो-
- NRLM के तहत पंजीकृत SHG की सदस्य हों
- लखपति दीदी योजना से जुड़ी हों (उन्हें प्राथमिकता मिलेगी)
- उत्पादन, हस्तशिल्प या फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी हों
SHE Mart का संचालन आमतौर पर क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के जरिए किया जाएगा.
आवेदन कैसे करें?इस योजना में आवेदन SHG नेटवर्क के माध्यम से होगा.
- सबसे पहले महिला को किसी सक्रिय SHG से जुड़ना होगा
- SHG, CLF के जरिए प्रस्ताव देगी
- प्रोडक्ट की क्वालिटी और बाजार की जांच होगी
- चयन होने पर ट्रेनिंग दी जाएगी (डिजिटल पेमेंट, स्टॉक मैनेजमेंट आदि)
- इसके बाद वित्तीय और तकनीकी सहायता मिलेगी.
क्योंकि योजना नई है, इसलिए महिलाओं को DRDA और SRLM से जुड़े अपडेट पर नजर रखनी चाहिए.
SHE Marts Mission ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा और मजबूत कदम है. यह योजना महिलाओं को सम्मान, पहचान और स्थायी कमाई का मौका देगी.














