PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की एक अहम पहल है, जिसका मकसद आम लोगों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराना है. यह योजना फरवरी 2024 में शुरू की गई थी और अब तक देश के 26 लाख से ज्यादा परिवार इसका फायदा उठा चुके हैं. नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, यह योजना तेजी से लोकप्रिय हो रही है और लोग बड़ी संख्या में अपने घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगवा रहे हैं.
इस योजना के तहत अब तक करीब 20 लाख से ज्यादा रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं. इन सिस्टम्स की वजह से लाखों परिवारों की बिजली जरूरतें काफी हद तक पूरी हो रही हैं और उनके बिजली बिल भी कम हो गए हैं. सरकार की ओर से इस योजना के लिए केंद्रीय वित्तीय सहायता दी जा रही है, जिसके तहत दिसंबर 2025 तक हजारों करोड़ रुपये की सब्सिडी बांटी जा चुकी है.
राज्यों की बात करें, तो गुजरात इस योजना से सबसे ज्यादा लाभ पाने वाला राज्य बना है. यहां लाखों परिवारों ने अपने घरों में सोलर सिस्टम लगवाया है. इसके बाद महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश का नंबर आता है, जहां भी बड़ी संख्या में लोगों ने इस योजना का लाभ लिया है. इससे साफ है कि अलग-अलग राज्यों में लोग अब सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं.
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उपभोक्ताओं को अधिकतम 85,800 रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है. इससे खासकर मध्यम और कम आय वाले परिवारों के लिए रूफटॉप सोलर लगाना आसान हो जाता है. ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार, सिर्फ 1 किलोवाट का सोलर प्लांट भी हर महीने लगभग 100 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है, जो एक सामान्य परिवार की मासिक जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी मानी जाती है.
सरकार का अनुमान है कि अगर इस योजना के तहत 1 करोड़ घरों में सोलर सिस्टम लगाए जाते हैं, तो आने वाले वर्षों में बड़ी मात्रा में नवीकरणीय बिजली का उत्पादन होगा. इससे न सिर्फ बिजली पर खर्च कम होगा, बल्कि पर्यावरण को भी बड़ा फायदा मिलेगा. लंबे समय में कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन में भारी कमी आने की उम्मीद है.
कैसे करें आवेदन?
यह योजना पूरी तरह मांग आधारित है. जिन आवासीय उपभोक्ताओं के पास स्थानीय बिजली कंपनी से जुड़ा ग्रिड कनेक्शन है, वे राष्ट्रीय पोर्टल पर आवेदन करके इस योजना का लाभ ले सकते हैं.
- रजिस्ट्रेशन करने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की आधिकारिक वेबसाइट (https://pmsuryaghar.gov.in) पर जाएं.
- यहां Apply Now पर क्लिक करें.
- इसके बाद अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालें. Captcha फिल करें और फिर वेरिफाई पर क्लिक कर दें.
- इतना करने के बाद आपके मोबाइल पर एक OTP आएगा, उसे भरकर लॉगिन कर लें.
- इसके बाद आपसे बेसिक जानकारी ली जाएगी जैसे- नाम, ईमेल, पता, राज्य, जिला, पिन कोड आदि. सभी पूछी गई जानकारी भरें और सेव पर क्लिक करें.
- आखिर में 'Apply for Solar Rooftop' पर क्लिक करें.
- राज्य, जिला और बिजली वितरण कंपनी का चयन करें. अपना कंज्यूमर अकाउंट नंबर डालें. आपकी बिजली कनेक्शन की जानकारी लोड होने के बाद फॉर्म सबमिट कर कर दें.














