PM Kisan 22nd Installment Date: देशभर के करोड़ों किसान इस समय पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. पहले उम्मीद थी कि होली के आसपास किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी, लेकिन त्योहार गुजरने के बाद भी अभी तक यह रकम जारी नहीं हुई है. ऐसे में किसानों की नजर अब सरकार की अगली घोषणा पर टिकी हुई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार जल्द ही किसानों को राहत दे सकती है. संभावना जताई जा रही है कि अगले हफ्ते के अंत तक पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी की जा सकती है. अगर ऐसा होता है तो करोड़ों किसानों के खातों में सीधे 2,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- India-England T20 Semi-Final को लेकर मुंबई पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, जानिए किस एंट्री गेट तक कैसे पहुंचें
दरअसल, केंद्र सरकार इस योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है. यह रकम एक साथ नहीं बल्कि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है. यानी हर चार महीने के अंतराल पर किसानों को 2,000 रुपये मिलते हैं. यह पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए भेजा जाता है, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम रहती है.
13 मार्च को हो सकता है ऐलान
रिपोर्ट्स में यह भी बताया जा रहा है कि 13 मार्च को प्रधानमंत्री का असम के कोकराझार दौरा प्रस्तावित है. इस दौरान कई विकास परियोजनाओं की घोषणा होने वाली है. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इसी कार्यक्रम के दौरान पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी करने का ऐलान भी किया जा सकता है.
ऐसे चेक करें स्टेटसअगर किसान किस्त आने से पहले अपनी जानकारी या भुगतान की स्थिति जांचना चाहते हैं, तो वे आसानी से ऑनलाइन स्टेटस चेक कर सकते हैं. इसके लिए-
- PM Kisan की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाना होगा.
- यहां 'Know Your Status' विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें.
- इसके बाद मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करते ही पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाती है.
इसके अलावा किसान चाहें तो वेबसाइट पर जाकर लाभार्थियों की सूची में भी अपना नाम देख सकते हैं. इसके लिए- 'Dashboard' में जाकर अपने राज्य, जिला, उप-जिला और पंचायत की जानकारी भरनी होती है. अगर आपका नाम सूची में होगा, तो वह रिपोर्ट में दिखाई देगा.
गौरतलब है कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी. तब से अब तक देश के करोड़ों किसानों को इस योजना का लाभ मिल चुका है और हर साल उन्हें आर्थिक सहायता दी जा रही है.














