अगर आप छुट्टियों में सिलीगुड़ी घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए हो सकती है. सिलीगुड़ी को गेटवे ऑफ नॉर्थ-ईस्ट इंडिया के नाम से जाना जाता है. उत्तर बंगाल का यह खूबसूरत शहर न केवल पूर्वोत्तर भारत का मुख्य द्वार है, बल्कि यहां तक पहुंचने का रेल सफर भी हरी-भरी वादियों से भरा होता है. सिलिगुड़ी पहुंचने के लिए मुख्य रेलवे स्टेशन न्यू जलपाईगुड़ी जंक्शन माना जाता है. अधिकतर लंबी दूरी वाली ट्रेन यहीं आती हैं. हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बंगाल के लिए बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का ऐलान किया. इस प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के जरिए दिल्ली को सिलीगुड़ी से जोड़ा जाएगा. दिल्ली से सिलीगुड़ी का सफर सिर्फ करीब 6 घंटे में पूरा हो सकेगा और वाराणसी के लिए 3.5 घंटे का समय लगेगा. इसी कड़ी में आज हम आपको एक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बारे में बताने जा रहे हैं, जो हाल ही में अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच शुरू की गई है. आइए जानते हैं.
अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस की टाइमिंग
अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच अमृत भारक एक्सप्रेस ट्रेन 14664 और 14663 नंबर से चलती है. टाइमिंग की बात करें तो ट्रेन नंबर 14664 हर गुरुवार को अमृतसर से 12:45 बजे रवाना होती है और शनिवार को 04:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचती है. वहीं, ट्रेन नंबर 14663 हर शनिवार को न्यू जलपाईगुड़ी से सुबह 08:00 रवाना होती है और सोमवार सुबह 02:20 बजे अमृतसर पहुंचती है.
क्या है इसका रूट?
अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी का रूट भी प्रस्तावित बुलेट ट्रेन की तरह ही है. अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस के प्रमुख स्टॉपेज में जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, बहराइच के पास बरहनी, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, फोर्ब्सगंज, अररिया, बागडोगरा और सिलीगुड़ी जैसे स्टेशन शामिल हैं.
टिकट की कीमत और सुविधाएं
जानकारी के मुताबिक अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस स्लीपर क्लास की सामान्य टिकट कीमत लगभग 875 रुपये है. कम किराये में सुविधाजनक सफर करने के लिए ये ट्रेन बेस्ट हो सकती है. इस ट्रेन में आधुनिक शौचालय, मोबाइल होल्डर, बॉटल होल्डर और फोल्डेबल स्नैक्स टेबल जैसी सुविधाएं मिलती हैं. साथ ही इसमें सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली से सिलीगुड़ी नई बुलेट ट्रेन का ऐलान, 6 घंटे में 1500 किमी, लखनऊ, बनारस-पटना से बंगाल तक 11 स्टेशन