Padma Awards Nominations 2027: भारत सरकार ने पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस 2027 पर की जाएगी. यह पुरस्कार देश के अलग‑अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं. नामांकन और सिफारिशें केवल ऑनलाइन की जा सकती हैं. इसके लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (Rashtriya Puraskar Portal) का उपयोग करना होगा. नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तय की गई है, ताकि आम लोग भी आसानी से इस प्रक्रिया में भाग ले सकें.
पुरस्कार की श्रेणियां और महत्व
पद्म पुरस्कार भारत के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में शामिल हैं. इनकी शुरुआत 1954 में हुई थी. ये हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर दिए जाते हैं. पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं.
- पद्म विभूषण
- पद्म भूषण
- पद्म श्री
इन पुरस्कारों से उन लोगों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में विशेष और सराहनीय काम किया हो. इसमें कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, जनसेवा, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं. गृह मंत्रालय (MHA) के अनुसार, नामांकन केवल ऑनलाइन ‘राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल' के जरिए ही किया जा सकता है. पद्म पुरस्कारों की घोषणा 2027 के गणतंत्र दिवस के मौके पर की जाएगी.
पात्रता नियम
इन पुरस्कारों के लिए सभी भारतीय नागरिक पात्र हैं और खुद का नामांकन (सेल्फ-नॉमिनेशन) भी किया जा सकता है. हालांकि, सरकारी कर्मचारी (डॉक्टर और वैज्ञानिकों को छोड़कर) और पीएसयू (सरकारी उपक्रम) के कर्मचारी इसके लिए योग्य नहीं होते, ताकि गैर-सरकारी योगदान को महत्व दिया जा सके. सरकार चाहती है कि पद्म पुरस्कार “लोगों के पुरस्कार” बनें. इसलिए महिलाओं, कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांग व्यक्तियों और जमीनी स्तर पर निस्वार्थ सेवा करने वालों के नामांकन को खास तौर पर प्रोत्साहित किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें:- Fake Aadhaar-PAN Alert: आधार और पैन कार्ड असली है या नकली, कैसे करें पहचान, जानिए आसान तरीके
पद्म पुरस्कार के लिए आवेदन कैसे करें?वेबसाइट पर जाएं- राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (Rashtriya Puraskar Portal) awards.gov.in पर जाएं.
रजिस्ट्रेशन लॉगिन- पोर्टल पर रजिस्टर करें या अपनी आईडी से लॉगइन करें.
फॉर्म भरें- 'पद्म पुरस्कार' सेक्शन में जाएं और नामांकन फॉर्म में व्यक्ति/संस्था की पूरी जानकारी भरें.
प्रशस्ति पत्र- नामांकित व्यक्ति की उपलब्धियों का वर्णन करने वाला एक व्याख्यात्मक प्रशस्ति-पत्र (लगभग 800 शब्दों का) तैयार करके अपलोड करें.
सबमिट करें- सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद फॉर्म ऑनलाइन सबमिट कर दें.














