1 महीने में कितने सिलेंडर बुक करवा सकते हैं आप, घर में शादी या फंक्शन होने पर कितने सिलेंडर ले सकते हैं? जान लें LPG Cylinder बुक करने के नए नियम

LPG Cylinder: सरकार और तेल कंपनियां मिलकर कुछ नए नियम लागू कर रही हैं, ताकि हर घर तक गैस की सप्लाई सही तरीके से पहुंचती रहे. अगर आप भी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, तो ये नए नियम आपके लिए जानना बहुत जरूरी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
एक महीने में कितने सिलेंडर बुक कर सकते हैं?

LPG Cylinder: देश में एलपीजी गैस को लेकर हालात धीरे-धीरे बदल रहे हैं. खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का असर अब भारत की गैस सप्लाई पर भी दिखने लगा है. इसी वजह से सरकार और तेल कंपनियां मिलकर कुछ नए नियम लागू कर रही हैं, ताकि हर घर तक गैस की सप्लाई सही तरीके से पहुंचती रहे. अगर आप भी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, तो ये नए नियम आपके लिए जानना बहुत जरूरी है.

यह भी पढ़ें- 31 मार्च से पहले निपटा लें ये 10 जरूरी फाइनेंशियल काम, वरना हो सकता है नुकसान

एक महीने में कितने सिलेंडर बुक कर सकते हैं?

भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी बीपीसीएल के नए नियमों के अनुसार, एक आम उपभोक्ता एक महीने में अधिकतम 2 घरेलू एलपीजी सिलेंडर ही बुक कर सकता है. इससे ज्यादा सिलेंडर लेने पर सिस्टम बुकिंग को रोक सकता है या अतिरिक्त जांच की जा सकती है.

सालभर में कितने सिलेंडर मिलते हैं?

सरकार की तरफ से हर वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल से 31 मार्च) के दौरान 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर दिए जाते हैं. इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर 3 सिलेंडर बिना सब्सिडी के भी लिए जा सकते हैं. इस तरह एक साल में कुल 15 सिलेंडर तक बुक किए जा सकते हैं.

बुकिंग के बीच अब ज्यादा इंतजार

पहले जहां एक सिलेंडर के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन में बुक किया जा सकता था, अब यह समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. इसका मतलब है कि आपको अगला सिलेंडर बुक करने के लिए थोड़ा ज्यादा इंतजार करना होगा. साथ ही अब एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए KYC अपडेट होना अनिवार्य है. अगर आपका KYC पूरा नहीं है, तो बुकिंग में दिक्कत आ सकती है या आपकी रिक्वेस्ट रिजेक्ट भी हो सकती है.

Advertisement
BPCL का नया प्रोसेस

भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने अतिरिक्त सिलेंडर बुकिंग के लिए नई व्यवस्था शुरू की है. अगर आप अपने सालाना 12 सिलेंडर का कोटा पूरा कर चुके हैं और इसके बाद भी सिलेंडर बुक करना चाहते हैं, तो आपको कुछ जरूरी जानकारी देनी होगी. इसके लिए आपको 'Hello BPCL' ऐप का इस्तेमाल करना होगा. इस ऐप पर आपसे कुछ सवाल पूछे जाएंगे, जैसे- 

  • आपके घर में कितने सदस्य हैं?
  • क्या घर में कोई फंक्शन, शादी या कार्यक्रम है?
  • मेहमानों की संख्या कितनी है?

इन सवालों के जवाब के आधार पर ही तय किया जाएगा कि आपको अतिरिक्त सिलेंडर मिल सकता है या नहीं.

क्यों हो रहे हैं ये बदलाव?

बता दें कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा गैस आयात करके पूरा करता है और इसका ज्यादातर हिस्सा खाड़ी देशों से आता है. वहां चल रहे तनाव के कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है. इसलिए सरकार ये कदम उठा रही है, ताकि सभी लोगों तक गैस पहुंच सके. इसलिए बेहतर है कि आप इन नियमों को समझें और उसी हिसाब से अपनी गैस बुकिंग की योजना बनाएं.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Donald Trump और Iran की Secret Peace Talks से क्रैश हुए Oil Prices, क्या Middle East War रुकेगा?
Topics mentioned in this article