Delhi and Faridabad Memu Train: दिल्ली-फरीदाबाद के बीच रेल सफर करने वालों के लिए एक खुशखबरी सामने आई है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली‑फरीदाबाद के बीच नई MEMU पैसेंजर ट्रेन सेवा चलाने को मंजूरी दे दी है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि MEMU (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) एक इलेक्ट्रिक ट्रेन होती है, जिसे भारतीय रेलवे छोटे और मध्यम दूरी के सफर के लिए चलाता है। यह ट्रेन एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में संचालित की जाएगी. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: Instagram से हटा End-to-End Encryption, अब सेफ नहीं हैं आपके DMs, जानिए प्राइवेसी के लिए यूजर्स किन बातों का रखें ध्यान
रोज सफर करने वाले यात्रियों के लिए सुविधा
फरीदाबाद और आसपास के इलाकों से हर दिन बड़ी संख्या में लोग नौकरी, पढ़ाई, व्यापार और दूसरे कामों के लिए दिल्ली जाते हैं. काफी समय से स्थानीय लोग और रोज सफर करने वाले यात्री अतिरिक्त और बेहतर ट्रेन सेवा की मांग कर रहे थे. मौजूदा परिवहन व्यवस्था पर ज्यादा बोझ होने के कारण यात्रियों को भीड़, देरी और परेशानी झेलनी पड़ती थी. एमईएमयू ट्रेन सेवा शुरू होने से अब यात्रियों को तेज, आसान और कम खर्च में यात्रा की सुविधा मिल सकेगी.
नोट कर लें दिल्ली-फरीदाबाद मेमू की टाइमिंग
जानकारी के मुताबिक दिल्ली-फरीदाबाद नई मेमू ट्रेन नंबर (64038) पुरानी दिल्ली से 10 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर 11 बजकर 45 मिनट पर फरीदाबाद स्टेशन पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में मेमू ट्रेन नंबर (64037) दोपहर 2 बजे फरीदाबाद से रवाना होकर 3 बजकर 45 मिनट पर पुरानी दिल्ली पहुंचेगी.
ट्रेन की स्पीड और सुविधाएं
MEMU ट्रेन की खासियत यह कि इसमें अलग से इंजन नहीं होता. बिजली की व्यवस्था सभी कोचों में होती है, जिससे ट्रेन खुद ही चलती है. आमतौर पर MEMU ट्रेनें करीब 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं. आधुनिक MEMU रेक में एलईडी लाइट, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और बायो‑टॉयलेट जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं.
यह भी पढ़ें: Delhi Lok Adalat: पेंडिंग चालानों का कर लें निपटारा, दिल्ली में आज लगेगी लोक अदालत, यहां जानें जरूरी डिटेल्स














