दिल्ली से मेरठ जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी, आज से नमो भारत कॉरिडोर पर बढ़ेंगी ट्रेनें, पीक टाइम में कम होगी भीड़

Namo Bharat Extra Trips: यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब नमो भारत ट्रेन सेवाओं को और मजबूत किया जा रहा है. लोगों को भीड़ से राहत देने और यात्रा को अधिक आसान बनाने के लिए पीक ऑवर्स में एक्‍स्‍ट्रा ट्रेन ट्रिप्स शुरू की जा रही हैं. इससे रोज सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और दूसरे यात्रियों को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
दिल्ली-मेरठ रूट पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

Namo Bharat Extra Trips: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए आज यानी शुक्रवार से बड़ी सुविधा शुरू हो रही है. रोजाना बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए नमो भारत ट्रेन सेवा में बदलाव किया गया है. अब पीक ऑवर्स में यात्रियों को पहले के मुकाबले ज्यादा ट्रेनें मिलेंगी. इससे लोगों को भीड़ से राहत मिलेगी और सफर पहले से ज्यादा आरामदायक होगा. दिल्ली-एनसीआर में बड़ी संख्या में लोग नौकरी, पढ़ाई और दूसरे कामों के लिए रोज सफर करते हैं. ऐसे में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को कम करने के लिए यह कदम काफी अहम माना जा रहा है.

सुबह और शाम के व्यस्त समय में चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें

नई व्यवस्था के तहत आज 22 मई, शुक्रवार से 8 एक्‍स्‍ट्रा ट्रेन ट्रिप्स शुरू की गई हैं. इनमें सुबह और शाम दोनों समय यात्रियों को फायदा मिलेगा. सुबह 8 बजे से 11 बजे के बीच चार अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं मिलेंगी. वहीं, शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच भी चार अतिरिक्त ट्रिप चलाई जाएंगी. ये ट्रेनें सराय काले खां और मेरठ साउथ स्टेशन के बीच चलेंगी.

दो नई नमो भारत ट्रेनें भी होंगी शामिल

अतिरिक्त सेवाओं को बेहतर तरीके से चलाने के लिए दो नई नमो भारत ट्रेनों को भी बेड़े में जोड़ा गया है. इससे ट्रेनों की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

रोज करीब एक लाख लोग कर रहे सफर

गौरतलब है कि दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. इस रूट पर रोजाना औसतन करीब एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं. बड़ी संख्या में लोग अब निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन को पसंद कर रहे हैं. सरकार भी लगातार लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि ट्रैफिक और निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो सके.

Advertisement
तेज रफ्तार से आसान हुआ सफर

नमो भारत ट्रेन देश की पहली क्षेत्रीय रैपिड रेल सेवा है, जिसे तेज और सुविधाजनक यात्रा के लिए तैयार किया गया है. यह ट्रेन अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. इसकी वजह से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा में लगने वाला समय पहले की तुलना में काफी कम हो गया है. यही वजह है कि खराब मौसम हो या ट्रैफिक की परेशानी, लोग अब निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन को चुन रहे हैं. 

यह भी पढ़ें- फ्रिज चल रहा है लेकिन कूलिंग नहीं हो रही? मैकेनिक बुलाने से पहले चेक कर लें ये 6 चीजें

Advertisement
Featured Video Of The Day
गंगा में किसने फेंकी चिकन बिरयानी? मच गया बवाल
Topics mentioned in this article