LPG Gas Booking Scam: मिडिल ईस्ट में तनाव का असर भारत पर भी देखने को मिला. देश के कई हिस्सों से गैस की किल्लत की खबरें भी सामने आईं. हालांकि, भारत सरकार ने जनता को आश्वस्त किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और खाद्यान्न का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. इसी बीच स्कैमर्स भी काफी ज्यादा एक्टिव हो गए हैं. कई स्कैमर्स लोगों को स्पेशल गैस ऑफर (Special Gas Offer) जैसे लुभावने मैसेज भेजकर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं और धोखाधड़ी कर रहे हैं. ऐसे में अगर आपके पास भी ऐसा ही कुछ मैसेज आया है तो सतर्क रहने की सख्त जरूरत है.
यह भी पढ़ें: 5 साल तक के बच्चों को कैसे बनवाएं बाल आधार कार्ड? जानें किन डॉक्यूमेंट्स की पड़ेगी जरूरत और ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रोसेस
Limited Time Offer के स्कैम से बचें
डिजिटल इंडिया ने अपने आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट किया है और लोगों को लिमिटेड टाइम ऑफर (Limited Time Offer) जैसे स्कैम के बारे में सचेत किया है. पोस्ट में बताया गया है कि धोखाधड़ी करने वालों को 'सीमित समय के ऑफर' बहुत पसंद आते हैं क्योंकि इससे लोग सोच-समझकर फैसला नहीं ले पाते. LPG जैसी जरूरी सर्विसे के मामले में, आपको केवल सरकारी पोर्टल पर दिखाई देने वाले ऑफर पर ही भरोसा करना चाहिए. अगर किसी अनजान नंबर या ई-मेल से ऑफर आता है जो आपको बहुत अच्छा लगे, तो समझ लीजिए कि वह एक जाल है.
स्कैम कैसे कर रहे हैं स्कैमर्स?
स्कैमर्स ऐसे मैसेज भेजते हैं जिनमें वे बताते हैं कि आपको खास तौर पर प्राथमिकता (Priority) के आधार पर चुना गया है, ताकि आप झांसे में आ जाएं. इसके साथ ही कुछ स्कैमर्स सीमित स्टॉक या अफवाहों का डर दिखाकर जल्दबाजी में फैसला करने को मजबूर करते हैं. इतना ही नहीं, कुछ ठग तो नकली 'अप्रूवल लेटर' भेजकर LPG डीलरशिप देने के नाम पर रिफंडेबल फीस मांगते हैं, जो पूरी तरह धोखाधड़ी होती है. ऐसे में किसी भी मैसेज, लिंक या ई-मेल पर क्लिक करने से पहले सावधान हो जाएं.
क्या है सच?
डिजिटल इंडिया ने अपनी X पोस्ट में बताया है कि सरकारी एजेंसी और BPCL, HP और इंडियन ऑयल जैसी ऑयल कंपनी कभी भी ग्राहक को 'लिमिटेड टाइम' लिंक का कोई मैसेज नहीं भेजती हैं. ऐसे में किसी भी आधिकारिक ऑफर या जरूरी अपडेट जानने के लिए आप mylpg.in पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं.














