हर साल लाखों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं. ऐसे में यात्रा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए मेरठ जिला प्रशासन और पुलिस ने कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसके लिए प्रशासन ने करीब 250 डीजे ऑपरेटरों के साथ एक अहम बैठक की. इस बैठक में डीजे चलाने से जुड़े सभी जरूरी नियम बताए गए और सभी से इनका पालन करने की अपील की गई. अधिकारियों ने साफ कहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी डीजे ऑपरेटरों को तय नियमों का पालन करना होगा. अगर कोई नियम तोड़ता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
डीजे ऑपरेटरों के लिए जारी हुए ये नियम
डीजे का साइज तयबैठक में अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा में इस्तेमाल होने वाला डीजे सेटअप 12 फीट से ज्यादा ऊंचा और 10 फीट से ज्यादा चौड़ा नहीं होना चाहिए. अगर कोई इससे बड़ा डीजे लगाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. यह नियम इसलिए बनाया गया है ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो और रास्ते में कोई परेशानी न आए.
प्रशासन ने यह भी साफ किया कि डीजे की आवाज सरकार की तय डेसिबल सीमा के अंदर ही होनी चाहिए. बहुत तेज आवाज में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी. इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है और यह नियमों के खिलाफ भी है. इसलिए सभी ऑपरेटरों को आवाज की तय सीमा का पालन करने के लिए कहा गया.
अश्लील गाने और भड़काऊ नारे नहीं चलेंगेबैठक में अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान अश्लील गाने, आपत्तिजनक बातें, भड़काऊ नारे या ऐसा कोई भी गाना या घोषणा नहीं चलाई जाएगी जिससे किसी धर्म या समुदाय की भावनाएं आहत हों.
अधिकारियों ने डीजे ऑपरेटरों को यह भी समझाया कि उनके वाहन या किसी तरह का अस्थायी ढांचा सड़क पर रुकावट नहीं बनना चाहिए. डीजे की वजह से ट्रैफिक जाम नहीं लगना चाहिए और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए. अगर कोई जानबूझकर सड़क रोकने या ट्रैफिक नियम तोड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
प्रशासन ने सभी डीजे ऑपरेटरों से कहा कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से मिलने वाली अफवाहों पर भरोसा न करें. अगर कोई गलत या भड़काऊ जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम को दें. सभी ऑपरेटरों को अपने क्षेत्र के अधिकारियों और नजदीकी पुलिस थाने के संपर्क में रहने की भी सलाह दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके.
यह भी पढ़ें- इमरजेंसी में 20 मिनट के अंदर पहुंचेगी एंबुलेंस, सरकार ने जारी की नई NAS गाइडलाइन, जान लें अपने मतलब की बात