IRCTC Resume/Retry Booking Feature: अगर आप IRCTC की मदद से टिकट बुक करते हैं तो यह खबर आपके लिए काफी जरूरी हो सकती है. ट्रेन टिकट की बुकिंग करते समय अक्सर सबसे बड़ी टेंशन तब होती है, जब बैंक अकाउंट से पैसे तो कट जाते हैं लेकिन टिकट बुक नहीं हो पाता है. अगर आप भी इसी समस्या से परेशान हैं, तो IRCTC का एक खास फीचर आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकता है. इस फीचर की मदद से आप पेमेंट फेल होने पर भी कटे हुए पैसे से तुरंत दोबारा टिकट बुक कर सकते है, बिना फिर से पैसे दिए. इससे समय भी बचता है और सीट मिलने की संभावना भी बनी रहती है. आइए इस फीचर के बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो से है कोई शिकायत? अब खुलकर बताएं अपनी बात, DMRC ने शुरू किया सर्वे
क्या है फीचर?
इस फीचर का नाम 'रिज्यूम/रिट्राय बुकिंग (Resume/Retry Booking)' है. अगर टिकट बुक करते समय किसी कारण से पेमेंट फेल हो जाए और आपके अकाउंट से पैसे कट जाएं, लेकिन टिकट बुक न हो पाए, तो भी आप उसी कटे हुए पैसे से दोबारा टिकट बुक कर सकते हैं. इसके लिए आपको फिर से पेमेंट करने की जरूरत नहीं होती. यह फीचर तब बहुत काम आता है जब नेटवर्क, बैंक या अन्य कारणों से पेमेंट पूरा नहीं हो पाता. हालांकि इस फीचर का फायदा उठाने के लिए टिकट बुक करते समय IRCTC iPay पेमेंट गेटवे चुनना जरूरी है.
कैसे करें इस फीचर का इस्तेमाल?
- टिकट बुक करते समय पेमेंट पेज में IRCTC iPay के ऑप्शन को चुनें. इसके जरिये आप क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या UPI से पेमेंट कर सकते हैं.
- अगर पेमेंट करते समय पैसा आपके बैंक अकाउंट से कट जाए, लेकिन टिकट बुक न हो पाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है. ऐसे में आप Resume / Retry वाले फीचर का फायदा उठा सकते हैं.
- इसके लिए Resume / Retry ऑप्शन को चुनें. IRCTC iPay चुनने की वजह से IRCTC का सिस्टम पहचान लेगा कि इस ट्रांजैक्शन ID के लिए पैसे पहले ही कट चुके हैं.
- इस स्थिति में आपको दोबारा पेमेंट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सिस्टम पुराने पेमेंट से बुकिंग को जोड़ देगा और टिकट जेनरेट हो जाएगा.
किन बातों का रखें ध्यान?
- Resume / Retry फीचर तभी काम करेगा जब आप IRCTC iPay गेटवे का इस्तेमाल करेंगे.
- इस फीचर के सही तरीके से काम करने के लिए यह जरूरी है कि नई टिकट बुकिंग की टोटल अमाउंट उतनी ही हो, जितनी पहले फेल हुई बुकिंग की थी. अगर नई बुकिंग में किराया थोड़ा भी कम या ज्यादा हो जाता है, तो यह Resume/Retry Booking फीचर काम नहीं करेगा.
- Resume / Retry फीचर के बाद भी अगर टिकट बुक नहीं होता है तो बैंक अकाउंट में पैसे रिफंड कर दिए जाएंगे.














