IRCTC Tour Package: अगर आप कम बजट में किसी पवित्र शक्तिपीठ के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी IRCTC ने मां कामाख्या देवी के दर्शन के लिए एक किफायती टूर पैकेज पेश किया है. यह पैकेज खास तौर पर उन लोगों के लिए है, जो बिनी किसी झंझट के एक सुविधाजनक और सुव्यवस्थित धार्मिक यात्रा करना चाहते हैं.
'दिव्य मां कामाख्या दर्शन टूर'
मां कामाख्या देवी का मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में गिना जाता है. असम के गुवाहाटी में स्थित यह मंदिर तांत्रिक परंपरा और शक्ति उपासना का बड़ा केंद्र माना जाता है. हर साल लाखों श्रद्धालु यहां माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इसी बढ़ती मांग को देखते हुए IRCTC ने 'दिव्य मां कामाख्या दर्शन टूर' शुरू किया है, जो इन दिनों काफी चर्चा में है. इस पैकेज का लाभ लेने के लिए आपको बस गुवाहाटी पहुंचना होगा. यहां से आपके रहने, खाने और ट्रैवलिंग का पूरा इंतजाम IRCTC का होगा.
यह भी पढ़ें: क्या होता है क्रेडिट स्कोर? जानिए Credit Score को अच्छा कैसे बनाया जाता है
टूर पैकेज में क्या-क्या है?
यह टूर पैकेज 1 रात और 2 दिन का है. यात्रा की शुरुआत गुवाहाटी से होती है और वहीं समाप्त होती है. पैकेज के तहत यात्रियों को कैब या बस से सुरक्षित ट्रांसपोर्ट सुविधा दी जाती है. इसके अलावा होटल में ठहरने और तय भोजन की व्यवस्था भी पैकेज में शामिल है, ताकि यात्रियों को अलग से किसी तरह की चिंता न करनी पड़े. IRCTC के इस पैकेज की एक खास बात यह है कि इसमें ट्रैवल इंश्योरेंस भी शामिल किया गया है यानी यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है.
स्पेशल दर्शन के लिए क्या करना होगा?
जो श्रद्धालु मां कामाख्या मंदिर में विशेष दर्शन करना चाहते हैं, उन्हें पहले से तैयारी करनी होगी. स्पेशल दर्शन के लिए टिकट यात्रा की तारीख से कम से कम 15 दिन पहले ऑनलाइन बुक करना जरूरी है. यह टिकट पैकेज में शामिल नहीं होता, इसलिए इच्छुक यात्रियों को अलग से इसकी व्यवस्था करनी होगी. किराये की बात करें तो, अगर कोई व्यक्ति अकेले यात्रा करता है तो उसे करीब 12,950 रुपये खर्च करने होंगे. वहीं, दो या तीन लोगों के साथ यात्रा करने पर प्रति व्यक्ति लगभग 7,000 रुपये का किराया तय किया गया है.
मां कामाख्या मंदिर न सिर्फ आस्था का बड़ा केंद्र है, बल्कि यह असम की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को भी मजबूत करता है. IRCTC का यह टूर पैकेज उन श्रद्धालुओं के लिए एक बेहतर विकल्प बन सकता है, जो तमाम झंझटों से बचते हुए एक सुरक्षित व व्यवस्थित धार्मिक यात्रा चाहते हैं.














