UP News: उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) को 15 दिनों के लिए टोल फ्री घोषित किया गया है, लेकिन इसके बावजूद कुछ वाहन चालकों से टोल टैक्स वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं. बदायूं जिले में यह मामला खास तौर पर चर्चा में है, जहां 1 मई को कई लोगों से सफर के दौरान पैसे लिए गए. इससे वाहन चालकों में नाराजगी देखने को मिली.
टोल फ्री के बावजूद वसूली
गंगा एक्सप्रेसवे के 92 किलोमीटर लंबे हिस्से पर 29 अप्रैल से वाहनों की आवाजाही शुरू हुई है. इस रूट पर घटपुरी, वनकोटा और डहरपुर इंटरचेंज बनाए गए हैं. फिलहाल वनकोटा और डहरपुर टोल बूथ चालू हैं, जबकि घटपुरी का बूथ अभी बंद है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डहरपुर टोल बूथ पर कई कार चालकों से 215 रुपये तक लिए गए. एक दिल्ली नंबर की कार से 970 रुपये तक वसूले गए. वहीं, इस्लामनगर-बहजोई मार्ग पर एक बाइक सवार से 47 रुपये लेने का मामला भी सामने आया.
प्रशासन ने क्या कहा?मामले के सामने आने के बाद जिलाधिकारी अवनीश राय ने साफ कहा है कि एक्सप्रेसवे 15 दिनों के लिए पूरी तरह टोल फ्री है. अगर किसी से पैसे लिए गए हैं या FASTag से कटौती हुई है, तो यह गलत है. उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि ऐसी गलती दोबारा न हो. इससे अलग टोल बूथ के अधिकारियों ने भी माना है कि अगर किसी से गलती से पैसे लिए गए हैं, तो उन्हें रिफंड दिया जाएगा.
NHAI के नियमों के अनुसार, अगर आपके FASTag से गलत तरीके से टोल कटता है, तो आप आसानी से शिकायत करके अपना पैसा वापस पा सकते हैं. इसके लिए आप नीचे दिए गए कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं-
ट्रांजैक्शन चेक करेंअगर आपने हाल-फिलहाल में गंगा एक्सप्रेसवे से सफर किया है, तो सबसे पहले अपने FASTag वॉलेट या बैंक स्टेटमेंट में तारीख, समय और ट्रांजैक्शन आईडी देखें.
अगर टोल कटा है, तो बिना देरी किए NHAI के हेल्पलाइन नंबर 1033 पर कॉल करें. ये हेल्पलाइन 24 घंटे चालू रहती है.
ईमेल के जरिए शिकायत करेंइसके अलावा आप falsededuction@ihmcl.com पर ईमेल भी कर सकते हैं.
जरूरी सबूत रखेंSMS, रसीद, या ऐप नोटिफिकेशन जैसे सभी प्रमाण संभालकर रखें, ताकि जांच में आसानी हो.
कितने दिन में मिलेगा पैसा वापस?शिकायत दर्ज करने के बाद आमतौर पर 7 से 10 कार्यदिवस में जांच पूरी हो जाती है और पैसा वापस कर दिया जाता है.
अगर सरकारी आदेश के बाद भी आपसे गलत तरीके से टोल वसूला गया है, तो आप ये आसान तरीके अपनाकर तुरंत इसकी शिकायत कर सकते हैं और अपना पैसा वापस पा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Lok Adalat: नोएडा में 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, जानें कहां जाना होगा और किन-किन मामलों का होगा निपटारा














