Private sector employee Rights : मौजूदा दौर में नौकरी केवल सैलरी तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि कर्मचारियों के अधिकार (Employee Rights) भी उतने ही महत्वपूर्ण हो गए हैं. भारत में नए लेबर कोड्स और मौजूदा कानूनों के साथ एक ऐसा सिस्टम तैयार किया जा रहा है, जिसमें कर्मचारियों को पहले से ज्यादा सुरक्षा और अधिकार मिल रहे हैं. हालांकि, अभी भी बड़ी संख्या में कर्मचारी अपने अधिकारों से अनजान हैं, जिससे कई बार कंपनियां उनका फायदा उठा लेती हैं. ऐसे में 2026 में हर प्राइवेट कर्मचारी के लिए इन अधिकारों को समझना बेहद जरूरी हो गया है.
AC खरीदने जा रहे हैं? ये 4 चीजें चेक जरूर कर लें वरना हो सकता है बड़ा नुकसान
नौकरी से निकालने के नियम
भारत में “एट-विल” सिस्टम लागू नहीं है, यानी कोई भी कंपनी कर्मचारी को मनमर्जी से नौकरी से नहीं निकाल सकती. आमतौर पर 1 से 3 महीने का नोटिस देना होता है या नोटिस पीरियड के बदले सैलरी देनी होती है.
भेदभाव और उत्पीड़न से सुरक्षा
किसी भी कर्मचारी के साथ धर्म, जाति, लिंग, उम्र या गर्भावस्था के आधार पर भेदभाव करना कानूनन अपराध है. इसके अलावा वर्कप्लेस पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा के लिए POSH एक्ट 2013 लागू है, जिसके तहत हर कंपनी में इंटरनल शिकायत समिति बनाना अनिवार्य है.
सैलरी, ओवरटाइम और वर्किंग आवर्स
कर्मचारियों के लिए कम से कम सैलरी तय होती है, जो हर राज्य के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. कंपनी इससे कम सैलरी नहीं दे सकती. इसके साथ ही हफ्ते में ज्यादा से ज्यादा 48 घंटे काम का नियम है और 8-9 घंटे से ज्यादा काम करने पर ओवरटाइम का एक्स्ट्रा पेमेंट देना जरूरी है. Payment of Wages Act 1936 के अनुसार कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना अनिवार्य है, जो आमतौर पर हर महीने की 7 या 10 तारीख तक है.
छुट्टियां और मैटरनिटी बेनिफिट्स
हर कर्मचारी को कैजुअल लीव, बीमारी की छुट्टी (Sick leave) और अर्न्ड लीव का अधिकार होता है. महिला कर्मचारियों के लिए Maternity Benefit Act 1961 के तहत 26 हफ्तों की पेड मैटरनिटी लीव का प्रावधान है.
Add image caption here
शिकायत और सुरक्षा का अधिकार
अगर कंपनी में कोई गलत काम हो रहा है, तो कर्मचारी बिना डर के शिकायत कर सकता है. शिकायत करने पर कंपनी उसे सजा नहीं दे सकती. यह नियम कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए बनाया गया है, ताकि वे खुलकर अपनी बात रख सकें.
फाइनल सेटलमेंट और सामाजिक सुरक्षा
नौकरी छोड़ने या निकाले जाने के बाद फुल एंड फाइनल (F&F) सेटलमेंट करना कंपनी की जिम्मेदारी होती है. इसके अलावा कर्मचारियों को Employees' Provident Fund (PF) और ESI जैसी सुविधाओं का बेनिफिट्स मिलना भी उनका अधिकार है.
क्यों जरूरी है इन अधिकारों की जानकारी?
अगर कर्मचारियों को अपने अधिकारों की जानकारी नहीं होगी, तो कंपनियां उनका गलत फायदा उठा सकती हैं. लेबर कोड्स लागू होने के बाद नियम और ज्यादा बेहतर हो गए हैं, लेकिन जागरूकता अभी भी कम है. सीधी बात यह है कि नौकरी सिर्फ काम करने का नहीं, बल्कि अपने अधिकारों को समझने का भी नाम है. अगर आपको अपने हक की सही जानकारी है, तो कोई भी कंपनी आपका शोषण नहीं कर सकती और आपका करियर सुरक्षित रह सकता है.
क्या करें कर्मचारी?
जॉब ऑफर लेटर ध्यान से पढ़ें
कंपनी की HR पॉलिसी समझें
सैलरी स्लिप और जरूरी डॉक्युमेंट्स सुरक्षित रखें
किसी भी समस्या पर तुरंत शिकायत करें














