EPF Withdrawal from UPI: नौकरीपेशा लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है. बता दें कि अब कर्मचारी अपने प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा सीधे यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस यानी UPI पेमेंट गेटवे के जरिए अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर सकेंगे. इस सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है, जिससे भविष्य में पैसा निकालना पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा. इसकी जानकारी खुद श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने दी है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बनने जा रहा है खंडित मूर्तियों का Collection Centre, सीएम रेखा गुप्ता ने दी जानकारी, जान लें काम की बात
आसान और तेज होगी प्रक्रिया
श्रम मंत्री मनसुख मांडविया के मुताबिक कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपनी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई नए कदम उठा रहा है. उन्होंने बताया कि अब ऐसी सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है, जिसके जरिए सदस्य UPI पेमेंट गेटवे का उपयोग करके अपना पीएफ पैसा निकाल सकेंगे. निकाली गई रकम सीधे सदस्य के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी, जिससे प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी.
सुरक्षित रखा जाएगा कुल राशि का एक हिस्सा
श्रम मंत्रालय एक ऐसे प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है, जिसमें पीएफ (EPF) की कुल राशि का एक हिस्सा सुरक्षित यानी फ्रीज रखा जाएगा, जबकि बाकी बड़ा हिस्सा UPI के जरिए सीधे बैंक खाते में निकालने के लिए उपलब्ध होगा. इस सुविधा से कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर अपना पैसा जल्दी और आसान तरीके से प्राप्त करने में मदद मिलेगी. साथ ही इस नई सुविधा में सदस्य अपने खाते में उपलब्ध एलिजिबल ईपीएफ बैलेंस को आसानी से देख सकेंगे और उसे अपने लिंक्ड बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर पाएंगे. इसके बाद ट्रांजैक्शन पूरा करने के लिए UPI पिन का इस्तेमाल करना होगा जिसकी मदद से पैसा सुरक्षित तरीके से ट्रांसफर होगा.
फिलहाल ऐसा होता है EPF का क्लेम
फिलहाल EPF का पैसा निकालने के लिए लोगों को क्लेम करना पड़ता है, जिसमें काफी समय लग जाता है. हालांकि ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम के तहत अब आवेदन करने के बाद तीन दिनों के अंदर ही बिना किसी मैन्युअल प्रक्रिया के पैसा इलेक्ट्रॉनिक तरीके से ट्रांसफर कर दिया जाता ह. इस सुविधा की सीमा भी पहले 1 लाख रुपये से बढ़ाकर अब 5 लाख रुपये कर दी गई है.














