Noida Traffic Alert: अगर आप आज नोएडा या ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने की सोच रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें. अंबेडकर जयंती के मौके पर सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस कारण शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक रूट बदले गए हैं. गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की है और लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है.
कहां बदलेगा ट्रैफिक?
कार्यक्रम में ज्यादा भीड़ होने की संभावना को देखते हुए खासकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा.
- अगर जाम की स्थिति बनती है, तो ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले वाहन महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की तरफ मोड़ दिए जाएंगे. वहां से अट्टा पीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होकर आगे जा सकेंगे.
- दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-04 पर ज्यादा भीड़ होने पर फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा.
- डीएनडी और फिल्मसिटी फ्लाईओवर के पास दबाव होने पर नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर की तरफ मोड़ा जाएगा.
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग की भी खास व्यवस्था की है-
- परीचौक, सेक्टर-37 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट से आने वाले हल्के वाहन दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-01 के अंदर पार्क होंगे.
- दिल्ली से आने वाले वाहन फिल्मसिटी की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े किए जाएंगे.
- कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहन सेक्टर-95 के पास बनी अंडरग्राउंड पार्किंग में पार्क होंगे.
डायवर्जन के बावजूद एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी जरूरी सेवाओं को बिना किसी रुकावट के निकलने दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- अंबेडकर जयंती पर दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट: 14 अप्रैल को इन रास्तों से रहें दूर, नहीं तो फंसेंगे जाम में
मदद के लिए हेल्पलाइनअगर रास्ते में किसी तरह की परेशानी होती है, तो आप 9971009001 नंबर पर ट्रैफिक हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं.
क्या करें आम लोग?
ट्रैफिक पुलिस की सलाह है कि लोग घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर लें और बताए गए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. इससे आप जाम से बच सकते हैं और आसानी से सफर कर सकते हैं.














