अगर आप म्यूजिक लवर हैं और आप म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Amazon Music से गाने सुनते हैं तो ये खबर आपके लिए काफी जरूरी हो सकती है. अमेजन ने अपने यूजर्स के लिए अनलिमिटेड प्लान लॉन्च कर दिया है. इस प्लान की मदद से यूजर्स बिना किसी एड यानी विज्ञापन के गाने सुन सकेंगे. साथ ही जो लोग अभी Amazon Prime मेंबरशिप की मदद से विज्ञापन मुक्त गाने सुन रहे थे उनके लिए भी बड़े बदलाव किए गए हैं. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
Amazon Music Unlimited प्लान में क्या मिलेगा?
Amazon Music Unlimited प्लान में यूजर्स को प्रीमियम म्यूजिक स्ट्रीमिंग सर्विस मिलेगी. यह पहले कई देशों में उपलब्ध थी, इसे अब भारत में भी लॉन्च कर दिया गया है. इस सर्विस में यूजर्स को 100 मिलियन से ज्यादा गाने और पॉडकास्ट मिलते हैं, वो भी बिना किसी विज्ञापन (ads) के. इसके अलावा, आप गाने डाउनलोड करके ऑफलाइन भी सुन सकते हैं और बेहतर क्वालिटी में म्यूजिक का मजा ले सकते हैं. साथ ही इसमें HD, Ultra HD और Spatial Audio (Dolby Atmos) का सपोर्ट मिलता है, जिससे म्यूजिक सुनने का अनुभव और ज्यादा शानदार हो जाता है.
कितनी है प्लान की कीमत?
नए अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड प्लान की कीमत भारत में नॉन-प्राइम यूजर्स के लिए 199 रुपये प्रति महीने है. वहीं, जिन यूजर्स के पास अमेजन प्राइम मेंबरशिप हैं, वे अपने मौजूदा सब्सक्रिप्शन के साथ 99 रुपये प्रति महीने देकर अनलिमिटेड प्लान खरीद सकते हैं.
2 जुलाई से होगा ये बदलाव
अमेजन प्राइम यूजर्स के लिए कुछ बदलाव भी होने जा रहा है. अभी जिन लोगों के पास प्राइम मेंबरशिप थी, वे बिना किसी अतिरिक्त प्लान और कीमत के Amazon Music का इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन 2 जुलाई के बाद से अमेजन प्राइम मेंबर्स को भी Amazon Music पर गाने सुनने के लिए लीमिटेड सीमित विज्ञापन सुनने पड़ेंगे.
Photo Credit: Social Media
शुरू के इतने महीने रहेगी फ्री सर्विस
Amazon अपनी नई सर्विस को आजमाने के लिए यूजर्स को फ्री ट्रायल भी दे रहा है. प्राइम मेंबर इसे 6 महीने तक फ्री में इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि non-Prime यूजर्स को 3 महीने का फ्री ट्रायल मिलेगा, उसके बाद सब्सक्रिप्शन फीस लगेगी.











