Best Place to Buy Home in Delhi NCR: दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों का सालों का इंतजार अब खत्म हो चुका है. 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया है. हालांकि, एयरपोर्ट से फ्लाइट कब शुरू होंगी, इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में जेवर एयरपोर्ट बनने के बाद कई लोग इस दुविधा में है, कि NCR में घर कहां लें. कई लोग गुरुग्राम या नोएडा तो, कुछ लोग ग्रेटर नोएडा में घर या प्लॉट खरीदने का विचार कर रहे हैं. इसी मुद्दे पर NDTV ने रियल एस्टेट एक्सपर्ट राकेश कुमार सिंह से बातचीत की और उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में NCR में कहां घर लेना सबसे अच्छा रहेगा. आइए जानते हैं...
जेवर एयरपोर्ट बनने के बाद कहां घर लेना अभी भी बेस्ट ऑप्शन?
रियल एस्टेट एक्सपर्ट राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जेवन एयरपोर्ट के निर्माण के बाद ग्रेटर नोएडा में रियल एस्टेट को लेकर लोगों में रुचि बढ़ाना बेहद स्वाभाविक है. लेकिन इसके बावजूद भी फिलहाल गुरुग्राम निवेश के लिए एक बेहतर ऑप्शन बना हुआ दिख रहा है. इसकी पीछे उन्होंने मुख्य 4 कारण बताए हैं, जिनके चलके निवेशक अभी ग्रेटर नोएडा की तुलना में गुरुग्राम को प्राथमिकता दे रहे हैं...
यह भी पढ़ें: अब 2 नहीं 4 डस्टबिन में देना होगा कचरा, नियम तोड़ा तो नहीं उठेगा कूड़ा, जानिए कौन से रंग में क्या डालें
पहला कारण: राकेश कुमार सिंह बताते हैं, कि जेवर एयरपोर्ट को पूरी तरह विकसित होने और अपनी संपूर्ण क्षमता में आने में अभी समय लगेगा. आने वाले करीब 5 से 7 सालों तक दिल्ली का टी1 और टी2/टी3 एयरपोर्ट ही मुख्य रूप से लोगों द्वारा प्रयोग किए जा सकते हैं. साथ ही यही एयरपोर्ट देश‑विदेश की उड़ानों के प्रमुख केंद्र बने रहेंगे.
दूसरा कारण: रियल एस्टेट एक्सपर्ट के अनुसार पिछले दो सालों में गुरुग्राम में विकास की रफ्तार खास तौर पर ट्रांसपोर्ट में काफी तेज हुई है. दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे, मेट्रो और RRTS नेटवर्क ने शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है. हाल ही में घोषित गुरुग्राम–फरीदाबाद और नोएडा–ग्रेटर नोएडा RRTS नेटवर्क भी गुरुग्राम को एक और बेहतर ऑप्शन बनाती हैं, क्योंकि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर गुरुग्राम से जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी और तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी.
तीसरा कारण: रियल एस्टेट एक्सपर्ट ने बताया कि गुरुग्राम न केवल उत्तर भारत का, बल्कि पूरे देश का एक प्रमुख कमर्शियल हब बनता जा रहा है. देश‑विदेश की अधिकतर बड़ी कंपनियों ने अपने हेडक्वाटर और ऑफिस गुरुग्राम में ही शुरू किए हैं. इसी कारण यहां फाइनेंशियल एक्टिविटी तेजी से बढ़ रही हैं और शहर का विकास भी तेजी से बढ़ रहा है.
चौथा कारण: गुरुग्राम में रहना आज भी एक एस्पिरेशनल पहचान के रूप में देखा जाता है. कई जानी‑मानी और बड़ी हस्तियां गुरुग्राम में रहती हैं, जिसके कारण गुरुग्राम की ब्रांड इमेज अन्य शहरों की तुलना में कहीं अधिक मजबूत और आकर्षक बनी हुई है














