टेलीविजन इंडस्ट्री में कई बार कलाकार किसी बड़े और पॉपुलर किरदार के बेहद करीब पहुंचकर भी उसे हासिल नहीं कर पाते. ऐसा ही एक दिलचस्प खुलासा एक्ट्रेस सायंतनी घोष ने हाल ही में किया है. सायंतनी घोष ने बताया कि कैसे एक पॉपुलर शो का बेहद पसंद किया जाने वाला किरदार उनके हाथ से निकल गया. बाद में वो रोल जिस एक्ट्रेस को ऑफर हुआ वो घर घर में फेमस भी हो गई. सायंतनी घोष ने बताया कि ऑडिशन और लुक टेस्ट तक सब कुछ ठीक था. लेकिन मेकर्स के फैसले की वजह से उनके हाथ से मौका निकल गया. ये सीरियल और कोई नहीं स्टार प्लस का ये है मोहब्बतें हैं, जिसमें इशिता का रोल निभाकर दिव्यांका त्रिपाठी ने फैंस के दिलों में पहचान बनाई.
ऑडिशन के बाद या तारीफ से भरा फोन
टेलीचक्कर के शो 'बकेटी अनलिमिटेड' में बातचीत के दौरान सायंतनी घोष ने बताया कि उन्होंने 'ये है मोहब्बतें' के लिए ऑडिशन दिया था और उनकी परफॉर्मेंस को शो की क्रिएटिव टीम ने काफी पसंद किया था. उस समय टीम में विकास गुप्ता भी शामिल थे. सायंतनी के मुताबिक ऑडिशन के बाद खुद विकास गुप्ता ने उन्हें फोन कर उनकी एक्टिंग की तारीफ की थी. इस कॉल के बाद उन्हें पूरी तरह यकीन हो गया था कि उन्हें शो में कास्ट कर लिया जाएगा. हालांकि कुछ समय बाद उन्हें बताया गया कि मेकर्स को लग रहा है कि वो किरदार की जरूरत के हिसाब से काफी कम उम्र की दिखाई दे रही हैं. इसी वजह से उन्हें ये रोल नहीं मिल पाया.
दिव्यांका त्रिपाठी से हुई बात
सायंतनी ने आगे बताया कि बाद में जब उनकी मुलाकात दिव्यांका त्रिपाठी से हुई तो इस बारे में भी दोनों के बीच चर्चा भी हुई. उन्होंने कहा कि दिव्यांका ने खुद इस बात का जिक्र किया था. दिव्यांका त्रिपाठी ने उन्हें बताया कि सायंतनी के रिजेक्ट होने के बाद ही उन्हें ये शो करने का मौका मिल सका था. हालांकि सायंतनी घोष ने ये भी कहा कि वो इस बात को लेकर किसी तरह की नाराजगी नहीं रखतीं. उन्होंने इसे किस्मत और इंडस्ट्री की अनसर्टिनिटी का ही हिस्सा बताया. एक्ट्रेस का कहना है कि एंटरटेनमेंट की दुनिया में कई बार आर्टिस्ट अपनी पूरी तैयारी और मेहनत करता है. इसके बावजूद भी किसी अच्छे रोल से चूक जाते हैं. लेकिन बाद में एक्सपीरियंस उन्हें आगे बढ़ने में मदद करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं