कभी लक्ष्मण बनकर भगवान राम के साथ खड़े नजर आए सुनील लहरी अब अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर उनका एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने देश, सरकार और विपक्ष को लेकर खुलकर अपनी राय रखी है. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उनकी उस टिप्पणी की हो रही है, जिसमें उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को 'चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए'. आखिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा और किस बात पर नाराजगी जताई? यही सवाल लोगों के मन में उठ रहा है. इटली का उदाहरण देकर शुरू हुई उनकी बात देखते ही देखते सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गई. कई लोग उनके सपोर्ट में नजर आए तो कई लोगों ने उनकी बात पर सवाल भी उठाए. ऐसे में एक बार फिर रामायण के लक्ष्मण सुर्खियों में आ गए हैं.
इटली का उदाहरण देकर रखी अपनी बात
सुनील लहरी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने पोस्ट में कहा कि दुनिया के कई देशों में लोग राजनीतिक मतभेद होने के बावजूद अपने देश के हित को सबसे ऊपर रखते हैं. उन्होंने इटली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां लोग अपने देश और सरकार के समर्थन में एकजुट दिखाई देते हैं. उनके मुताबिक, भारत में कई बार लोग और विपक्षी दल सरकार की आलोचना करने में ज्यादा व्यस्त नजर आते हैं, जबकि देश के विकास के लिए सभी को साथ आना चाहिए.
'चुल्लू भर पानी में डूब मरो' वाली बात क्यों कही?
अपने बयान में सुनील लहरी ने कहा कि इतिहास में भारतीयों को नुकसान पहुंचाने वाले हमेशा बाहरी लोग नहीं थे. कई बार अपने ही लोगों ने देश को कमजोर किया. इसी बात को लेकर उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को 'चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए'. उनका ये बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इस पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिली.
पहले भी बटोर चुके हैं सुर्खियां
ये पहली बार नहीं है जब सुनील लहरी किसी बयान की वजह से चर्चा में आए हों. कुछ समय पहले उन्होंने एक दिलचस्प घटना का जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि एक शख्स ने खुद को उनका रिश्तेदार बताकर उनकी बिल्डिंग में घुसने की कोशिश की थी. हालांकि जांच के दौरान उसका दावा गलत निकला और उसे वापस भेज दिया गया. बता दें कि सुनील लहरी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत फिल्म 'द नक्सलाइट्स' से की थी, लेकिन असली पहचान उन्हें रामानंद सागर की 'रामायण' में लक्ष्मण के किरदार से मिली. आज भी लोग उन्हें उसी नाम से याद करते हैं.
यह भी पढ़ें: Prahaar Teaser: कोर्टरूम से कसाब की फांसी तक…राजकुमार राव की ‘प्रहार' का दमदार टीजर रिलीज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं