डिजिटल मीडिया के दौर में कंटेंट की दुनिया तेजी से बदल रही है. जहां कभी बड़े इंटरव्यू सिर्फ टीवी चैनलों और अखबारों तक सीमित हुआ करते थे, वहीं अब पॉडकास्ट ने अपनी अलग पहचान बना ली है. देश के दिग्गज राजनेता, फिल्मी सितारे और खेल जगत की बड़ी हस्तियां अब ऐसे प्लेटफॉर्म्स को प्राथमिकता दे रही हैं, जहां बातचीत बिना किसी जल्दबाजी और खुलकर हो सके. मोहसिन खान के पॉडकास्ट में हाल ही में टीवी की क्वीन एकता कपूर पहुंचीं, जहां उन्होंने ढेरों मजेदार बातें की. गौरतलब है कि इस पॉडकास्ट में अब तक कई सेलेब्स नजर आ चुके हैं, जो अपनी जिंदगी से जुड़े दिलचस्प खुलासे कर चुके हैं.
मोहसिन खान के पॉडकास्ट में पप्पू यादव, चिराग पासवान, राम गोपाल यादव, संजय सिंह, मनोज तिवारी, भूमि पेडनेकर, कायनात अरोड़ा, एजाज खान, संग्राम सिंह, क्रिकेटर अमित मिश्रा और मोहित शर्मा समेत कई चर्चित हस्तियां आ चुकी हैं. मोहसिन का कहना है कि कई बार मेहमान कुछ मिनट का समय लेकर आते हैं, लेकिन बातचीत इतनी दिलचस्प हो जाती है कि इंटरव्यू घंटों तक चलता है.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी' पर एकता कपूर का खुलासा
हाल ही में एमके टॉक्स पॉडकास्ट में पहुंचीं एकता कपूर ने अपने करियर और इंडस्ट्री से जुड़े कई अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी' भारतीय टेलीविजन के सबसे सफल शोज़ में शामिल हो जाएगा. उनके मुताबिक, दर्शकों का प्यार उनकी कल्पना से कहीं ज्यादा था. एकता ने बताया कि वह नए टैलेंट को पहचानने में हमेशा अपनी सहज समझ पर भरोसा करती हैं और मजबूत महिला किरदारों वाली कहानियां उन्हें सबसे ज्यादा आकर्षित करती हैं.
एकता कपूर ने बताया टीवी और फिल्मों में फर्क
एकता कपूर ने टीवी और फिल्मों के फर्क पर भी खुलकर बात की और कहा कि टेलीविजन दर्शकों के साथ भावनात्मक रिश्ता बनाता है, जबकि फिल्में बड़े स्तर पर पहुंच बनाती हैं. इतना ही नहीं, एकता कपूर ने इस दौरान प्यार और बॉलीवुड की धारणाओं पर भी अपनी बेबाक राय रखी. प्यार को लेकर उन्होंने कहा कि आजाद खयालों की लड़की से प्यार करना आसान है, शादी नहीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं