कभी-कभी एक टीवी शो ऐसा हिट हो जाता है कि उसकी चर्चा सालों तक होती रहती है. साल 1993 में भी एक ऐसा ही कॉमेडी शो आया था, जिसने लोगों को हंसने की नई वजह दे दी थी. घर-घर में इसकी ऐसी दीवानगी थी कि शो के हिट होते ही पूरी स्टारकास्ट को गिफ्ट में कारें मिली थीं. इतने साल बाद भी IMDb पर 8.6 की शानदार रेटिंग बताती है कि लोगों का प्यार आज भी इसके लिए बना हुआ है.
कौन सा था ये सुपरहिट शो
इस सुपरहिट शो का नाम था 'देख भाई देख'. इसकी शुरुआत साल 1993 में दूरदर्शन के डीडी मेट्रो चैनल पर हुई थी. ये एक फैमिली कॉमेडी शो था, जिसमें मुंबई में रहने वाले दीवान परिवार की तीन पीढ़ियों की मजेदार कहानी दिखाई गई थी. घर के छोटे-छोटे झगड़े, हंसी-मजाक और इमोशनल पल ही इसकी सबसे बड़ी पहचान बन गए थे.
एक साथ दिखे थे कई बड़े सितारे
इस शो में उस समय के कई बड़े कलाकार नजर आए थे. इनमें नवीन निश्चल, शेखर सुमन, देवेन भोजानी, फरीदा जलाल, भावना बलसावर, उर्वशी ढोलकिया, सुषमा सेठ, विशाल सिंह, अमर उपाध्याय, राखी विजान, सतीश शाह, अन्नया खरे, अली खान, लिलिपुट, जतीन कनकिया, अनंत महादेवन और करिश्मा आचार्य जैसे नाम शामिल थे. यही वजह थी कि शो की पूरी कास्ट लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गई थी.
जया बच्चन का भी था खास कनेक्शन
'देख भाई देख' को आनंद महेंद्रू और जया बच्चन ने मिलकर प्रोड्यूस किया था. पहले इसे डीडी मेट्रो पर दिखाया गया और बाद में इसकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए सोनी टीवी पर भी शुरू किया गया. हाल ही में शेखर सुमन ने इस शो से जुड़े कई पुराने किस्से भी शेयर किए थे.
शूटिंग के दौरान हुआ था ऐसा किस्सा
शेखर सुमन ने बताया कि उस समय सेट पर न पंखे होते थे और न ही एयर कंडीशनर. कई बार 10 से 20 मिनट तक लंबे शॉट लिए जाते थे और दरवाजे बंद रहते थे. इसी दौरान एक बार फरीदा जलाल बेहोश हो गई थीं. वहीं शो की कामयाबी इतनी बड़ी रही कि पूरी स्टारकास्ट को लाखों रुपये की कारें गिफ्ट की गईं. आज भी IMDb पर इसकी 8.6 की रेटिंग इसकी लोकप्रियता की गवाही देती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं