बंगाली टीवी शो 'कमला निवास' के एक सीन ने दर्शकों को करणवीर वोहरा के शो 'सौभाग्यवति भव' के साइको किरदार विजय डोब्रियाल की याद दिला दी. कमला निवास में ध्रुबा ज्योति सरकार और संगति बनर्जी लीड रोल में हैं. यह शो जी बांग्ला पर टेलीकास्ट होता है. इस शो को एक एपिसोड के लिए काफी क्रिटिसिज्म का सामना सामना करना पड़ रहा है. शो का वायरल कॉकरोच सीन चर्चा का विषय बनता जा रहा. कई लोगों का कहना था कि यह सीन सिर्फ चौंकाने के लिए रखा गया था, जबकि दूसरों ने इसकी सीधी तुलना 2011 के हिंदी शो 'सौभाग्यवती भव' से की, जो पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था.
'कमला निवास' के इस एपिसोड में दूल्हा अपनी पत्नी के साथ घर आता है और दोनों एक-दूसरे से बात करते हुए दिखाए जाते हैं. बातचीत के दौरान, पत्नी को एक कॉकरोच काट लेता है. उनके रोमांटिक पल में खलल डालने और बीच में आने से नाराज होकर, पति कॉकरोच को पकड़ता है, उसे दूध के गिलास में डुबोता है और खा जाता है, जिससे उसकी पत्नी हैरान रह जाती है.
इस सीन पर सोशल मीडिया पर तुरंत रिएक्शन आने लगे. एक कमेंट में लिखा था, "कॉकरोच X ओरियो बिस्किट (टिक मार्क)." एक यूजर ने लिखा, "आजकल शो में क्या हो रहा है? इसका क्या मतलब है?" तीसरे ने कहा, "क्या वे सच में प्यार दिखाने के लिए कॉकरोच खा रहे हैं? मुझे हंसना चाहिए या रोना चाहिए?" एक और कमेंट में लिखा था, "कॉकरोच वाले सीन को छोड़कर सब कुछ सही था," जबकि एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, "विराज डोबरियाल ने इसे बेहतर तरीके से किया था."

कई दर्शकों ने कहा कि इस सीन से उन्हें 'दिल से दी दुआ... सौभाग्यवती भव' की याद आ गई, जिसमें करणवीर बोहरा के किरदार 'विराज डोबरियाल' को कॉकरोच वाला दूध पीते हुए दिखाया गया था. उस सीन में, विराज और उनकी पत्नी जान्हवी (जिसका किरदार सृति झा ने निभाया था) बात कर रहे होते हैं, तभी जान्हवी के कंधे पर एक कॉकरोच आ बैठता है. वह दूर हट जाती है, और जब विराज उसे मारने की कोशिश करता है, तो जान्हवी उसे रोक देती है. फिर वह कॉकरोच उठाता है, उसे दूध के गिलास में डालता है और पी जाता है, जिसके बाद जान्हवी बेहोश हो जाती है. 2011 के शो का वह क्लिप 2021 में वायरल हो गया था.
यह भी पढ़ें: नेटफ्लिक्स की सबसे बड़ी सीरीज, 4 दिन में मिले 31 मिलियन व्यूज, 8 एपिसोड ने दुनियाभर के कंटेंट को पछाड़ा
'कमला निवास' जी बांग्ला पर शाम 6.30 बजे से 7 बजे तक प्रसारित होता है और इसे जी5 पर भी देखा जा सकता है. हाल के एपिसोड ने न केवल उस सीन की वजह से, बल्कि विराज डोबरियाल से जुड़े पुराने टेलीविजन मोमेंट से उसकी समानता की वजह से भी लोगों का ध्यान खींचा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं