WhatsApp जल्द ही एक नया और काम का फीचर ला सकता है. इसका नाम है 'Scheduled Messages' , इसकी मदद से यूजर्स पहले से मैसेज लिखकर तय तारीख और समय पर अपने आप भेज सकेंगे. यह फीचर अभी ऑफिशियल तौर पर ऐप में उपलब्ध नहीं है, लेकिन बीटा वर्जन में इसके संकेत मिले हैं. इससे साफ है कि कंपनी इस पर काम कर रही है और आने वाले समय में इसे सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है.
कैसे काम करेगा Scheduled Messages फीचर?
यूजर किसी भी मैसेज को पहले से लिखकर उसके भेजने का समय तय कर सकेंगे. जैसे जन्मदिन की शुभकामनाएं, जरूरी रिमाइंडर या कोई ऑफिस अपडेट - अब आपको सही समय पर ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी. मैसेज अपने तय समय पर खुद ही भेज दिया जाएगा.
जब आप कोई मैसेज शेड्यूल करेंगे, तो वह चुनी गई तारीख और समय तक एक कतार में रहेगा. चैट की जानकारी वाले सेक्शन में एक अलग जगह पर शेड्यूल किए गए मैसेज दिखेंगे. वहां से आप देख सकेंगे कि आपने कितने मैसेज शेड्यूल किए हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें एडिट या डिलीट भी कर सकेंगे.
अगर आप भेजने से पहले मैसेज हटाना चाहें, तो उसे चुपचाप कैंसल किया जा सकेगा. सामने वाले व्यक्ति को इसकी कोई सूचना नहीं मिलेगी.
iPhone यूजर्स को पहले मिलेगा फायदा
रिपोर्ट के अनुसार यह फीचर WABetaInfo द्वारा iOS के बीटा वर्जन 26.7.10.72 में देखा गया है. यह अपडेट फिलहाल Apple Test Flight ऐप पर उपलब्ध है. इससे संकेत मिलता है कि iPhone यूजर्स को यह फीचर पहले बीटा में देखने को मिल सकता है, और टेस्टिंग पूरी होने के बाद इसे बड़े स्तर पर जारी किया जाएगा.
यह फीचर पर्सनल और ग्रुप चैट दोनों में काम करेगा. इससे यूजर्स पहले से प्लानिंग कर सकेंगे और जरूरी मैसेज सही समय पर भेज पाएंगे. अगर WhatsApp में यह फीचर इनबिल्ट आ जाता है, तो यूजर्स को ज्यादा सुरक्षित और आसान अनुभव मिलेगा.
बता दें, WhatsApp ने हाल ही में 'Group Chat History' नाम का एक और फीचर भी पेश किया है. इसकी मदद से ग्रुप एडमिन और मेंबर्स नए जुड़ने वाले सदस्यों के साथ 100 तक पुराने मैसेज शेयर कर सकते हैं. इससे नए मेंबर को बातचीत समझने में आसानी होगी.
यह फीचर ग्लोबल स्तर पर रोलआउट हो रहा है और जल्द ही Android और iOS दोनों यूजर्स को मिलेगा. कंपनी यूजर्स से ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करने की सलाह दे रही है.
कुल मिलाकर, Scheduled Messages फीचर WhatsApp के अनुभव को और ज्यादा स्मार्ट और सुविधाजनक बना सकता है.














