पीटी उषा को बड़ा झटका, SOM चुनाव में मिली हार, IOA को मिलेगा नया अध्यक्ष?

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा 'मेरिट प्राप्त महिला खिलाड़ियों' के चुनाव में हार मिली है. इसका मतलब यह है कि आईओए को नया अध्यक्ष मिल सकता है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
पीटी उषा को बड़ा झटका, SOM चुनाव में मिली हार

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा, 'स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ मेरिट' के रूप में चुनी जाने वाली चार महिला खिलाड़ियों की सूची में जगह बनाने में असफल रहीं. इस प्रक्रिया में कुल छह उम्मीदवार थे. इस घटनाक्रम का असर IOA अध्यक्ष के रूप में उनके दोबारा चुने जाने की संभावनाओं पर पड़ सकता है. हालांकि, अगर कोई राष्ट्रीय खेल महासंघ उन्हें जनरल असेंबली के लिए नामांकित करता है, तो उषा 5 दिसंबर को होने वाले IOA चुनावों में अभी भी हिस्सा ले सकती हैं. 'स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ मेरिट' की सूची में अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल, साइना नेहवाल और डोला बनर्जी को चुना गया है उम्मीदवारों में से अंजू बॉबी जॉर्ज को सबसे अधिक वोट मिले.

चार महिला प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए 80 SOM (40 पुरुष और 40 महिला) की एक मतदाता सूची तैयार की गई थी. चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव द्वारा जारी नतीजों के अनुसार, इन सभी 80 SOM ने अपने वोट डाले. अंजू को 53 वोट मिले, जो छह उम्मीदवारों में सबसे अधिक थे, जबकि रानी को 50 वोट मिले। सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच हुए इस वर्चुअल चुनाव में डोला को 45 और साइना को 43 वोट मिले. उषा 40 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं, जबकि पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी अनीता पॉल दुरई को छह वोट मिले.

शनिवार को, ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, विजेंद्र सिंह और योगेश्वर दत्त के साथ-साथ पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता को निर्विरोध पुरुष SOM के रूप में चुन लिया गया था, क्योंकि आठ अन्य उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया था. उषा 5 दिसंबर को होने वाले IOA कार्यकारी परिषद के चुनाव में तभी खड़ी हो सकती हैं, जब उन्हें किसी राष्ट्रीय खेल महासंघ द्वारा आम सभा के लिए नामित किया जाए, जिसकी संभावना काफी कम है.

गगन नारंग लेंगे पीटी उषा की जगह?

इस बात की भी उम्मीद नहीं है कि यह दिग्गज एथलीट, 'एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया' की ओर से चुने जाने वाले दो प्रतिनिधियों में शामिल होंगी. IOA के संविधान के अनुसार, अध्यक्ष पद के उम्मीदवार का SOM या आम सभा का सदस्य होना अनिवार्य है. साल 2022 में, उषा SOM कोटे के जरिए ही IOA की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गई थीं. चुने गए आठ SOM, IOA जनरल असेंबली के सदस्य बन जाएंगे. इससे वे 5 दिसंबर को होने वाले नई कार्यकारी परिषद (एग्जीक्यूटिव काउंसिल) के चुनावों में वोट डालने और चुनाव लड़ने के योग्य हो जाएंगे. दो SOM - एक पुरुष और एक महिला - IOA की कार्यकारी परिषद के सदस्य भी बनेंगे. 43 वर्षीय गगन नारंग, जिन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था, उन्हें IOA के शीर्ष पद के लिए एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है. 

Advertisement

चुनाव में खूब हुआ विवाद

IOA के SOM चुनाव में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब उषा ने चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव से शिकायत की. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी ने वोट मांगने के लिए व्हाट्सएप मैसेज भेजकर 'आदर्श आचार संहिता' का उल्लंघन किया है.

अपनी शिकायत में, उषा ने डोला बनर्जी के नाम वाले अकाउंट से भेजे गए एक व्हाट्सएप मैसेज पर आपत्ति जताई. इस मैसेज में 'न्यू भारत पैनल' के लिए समर्थन मांगा गया था और मतदाताओं से विशेष रूप से चार उम्मीदवारों को चुनने के लिए कहा गया था, साथ ही उनके बैलेट सीरियल नंबर और रोल नंबर भी दिए गए थे. 

Advertisement

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारोत्तोलक सतीश शिवलिंगम ने चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव से शिकायत की है कि "एक उम्मीदवार के पक्ष में मतदाता सूची के सदस्यों को प्रभावित करने की सुनियोजित कोशिश की जा रही है. यह उम्मीदवार भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) का अध्यक्ष भी है." शिवलिंगम ने उषा का नाम लिए बिना श्रीवास्तव को लिखे पत्र में कहा, "...और इस काम के लिए IOA के संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है."

दिसंबर 2022 में पीटी ऊषा भारतीय ओलंपिक महासंघ की पहली महिला अध्यक्ष बनी थीं. शुरुआत में उनकी नियुक्ति को भारतीय खेल प्रशासन में बड़े बदलाव के रूप में देखा गया था, लेकिन उनका कार्यकाल उपलब्धियों और विवादों दोनों के कारण चर्चा में रहा. उनका अध्यक्ष बनना भारतीय खेल प्रशासन में एक ऐतिहासिक बदलाव माना गया. लंबे समय से खेल संघों में राजनेताओं और प्रशासकों का दबदबा रहा था, ऐसे में एक पूर्व खिलाड़ी का शीर्ष पद पर पहुंचना सकारात्मक कदम माना गया था.

अगर पीटी ऊषा के कार्यकाल की सफलता, 2036 ओलंपिक के लिए भारत का अधिकारिक तौर पर मेजबानी के लिए दावेदारी पेश करना और 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन अधिकार हासिल करना है तो पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित किए जाने के बाद उठे विवाद को उनके कार्यकाल की विफलता में गिना जाएगा.

यह भी पढ़ें: नंबर 3 वसीम अकरम, विवियन रिचर्ड्स ने चुने दुनिया के टॉप- 3 सबसे महान गेंदबाज, बोले- 'वह GOAT हैं'

Advertisement

यह भी पढ़ें: सुनील गावस्कर से मुशफिकुर रहीम तक, हर टेस्ट देश के पहले 7000 रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज

Featured Video Of The Day
जब NDTV क्रिएटर्स के मंच पर होगा कविता और संगीत का मिलन, ऐसे जमेगा रंग

Topics mentioned in this article
Pilavullakandi Thekkeparambil Usha
Sports News

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं