Jaipur News LIVE Updates: NDTV के इस विशेष जयपुर लाइव पन्ने (Jaipur LIVE page) पर आपका स्वागत है. इस पन्ने पर आप राजस्थान की राजधानी जयपुर से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबरें पाएंगे. यह पन्ना पूरे दिन अपडेट होता रहेगा, जिससे आप जयपुर के हर छोटी-बड़ी घटना को एक साथ पढ़ सकेंगे. जयपुर में आज सुबह बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है. तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया है. मानसून की एंट्री 5 दिन देर से होने की संभावना है. जयपुर ग्रामीण पुलिस ने साइबर अपराधियों को बैंक खाता बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवराज मीणा निवासी मीणों की ढाणी, तनश्योहरसिंहपुरा, थाना फुलेरा के रूप में हुई है. ऐसी कई अहम खबरें हमारे इस स्पेशल लाइव पेज पर एक साथ उपलब्ध रहेंगी. जयपुर में NDTV के संवाददाताओं तथा अन्य स्रोतों के माध्यम से हम शहर की हर बड़ी खबर आप तक पहुंचाते रहेंगे. तो जयपुर की ताजातरीन खबरों पर नजर रखने के लिए जुड़े रहें NDTV के इस लाइव पेज से.
खाटूश्यामजी में आज रात 8 बजे वाहनों का जाना बंद, SDM ने जारी किए आदेश
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर खाटूश्यामजी आने वाले लाखों भक्तों की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. SDM बृजेश कुमार के आदेशानुसार, आज रात 8 बजे से 26 जून दोपहर 12 बजे तक रींगस-खाटूश्यामजी मार्ग को 'नो-व्हीकल जोन' घोषित कर दिया गया है. इस अचानक घोषणा से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई है. वर्तमान में खाटू मोड़ पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी हुई है और स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन की त्वरित सहायता की प्रतीक्षा कर रहे हैं. प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है.
जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास जल्द, सीएम ने दी 650 करोड़ की बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में 650 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन कर राजस्थान के भविष्य की नींव रखी है. इस दौरान उन्होंने जयपुर मेट्रो फेज-2 के शिलान्यास की घोषणा कर राजधानी के निवासियों को बड़ी सौगात दी.
साथ ही, सरकार ने ईआरसीपी (ERCP) और यमुना जल समझौते के माध्यम से प्रदेश के 17 जिलों में पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने का संकल्प दोहराया है. मुख्यमंत्री का यह मेगा-कनेक्टिविटी और जल सुरक्षा प्लान राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और जन-कल्याण की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है.
जयपुर में मोहर्रम: सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात
मोहर्रम के अवसर पर जयपुर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, शहर में 3 हजार पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है. एडिशनल कमिश्नर राजीव पचार ने बताया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा के लिए क्यूआरटी और ईआरटी टीमें भी मुस्तैद रहेंगी. शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए सादा वर्दी में इंटेलिजेंस जवानों की तैनाती की गई है. प्रशासन ने शांति समिति के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. केवल लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस निकालने की अनुमति दी गई है.
जयपुर: होटल के कमरे में शेयर बाजार व्यवसायी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक
जयपुर में नारायण विहार इलाके के एक होटल में शेयर मार्केट व्यवसायी गुरु प्रसाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह दोस्तों के साथ होटल रुका था. लाश बिस्तर पर मिली. पुलिस अत्यधिक शराब के सेवन की संभावना जता रही है, जबकि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद उसके दोस्तों ने फेसबुक लाइव किया था. जयपुरिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है.
RPSC कार्यवाहक अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह ने राज्यपाल से की मुलाकात
राजस्थान लोक सेवा आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से शिष्टाचार भेंट की. यह एक औपचारिक मुलाकात थी, जिसमें आयोग के कार्यों और अन्य प्रशासनिक विषयों पर संक्षिप्त चर्चा हुई.
ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी करने वाले गिरफ्तार
पुलिस थाना मुरलीपुरा ने ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. शातिर तीरके चोरी करता था.ट्रांसफार्मर के तारों को आपस में भिड़ाकर बिजली ट्रिप करने से बिजली चली जाती थी. इसके बाद चोरी कर लेता था.
निवेश करने के नाम पर ठगी करने वाले 3 गिरफ्तार
राजधानी जयपुर में निवेश के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने खुलासा किया है. विद्याधर नगर इलाके में चल रहे इस कॉल सेंटर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी क्रिप्टो और यूएसडीटी के जरिए लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी कर रहे थे.
जयपुर कलेक्ट्रेट में बिजली मीटर में लगी आग
जयपुर कलेक्ट्रेट के गेट नंबर 2 पर बिजली के मीटर में आग लग गई. सिविल डिफेंस के असरार अहमद ने फायर एक्सटिंग्विश की मदद से आग पर काबू पाया. आग लगने के कारण कलेक्ट्रेट की बिजली बंद है.
सांगानेर और जयपुर शहर को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात
सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में कुल 56 विकास कार्यों का शिलापट्ट अनावरण और लोकार्पण होने जा रहा है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 4,554.65 लाख की लागत से 40 नए विकास कार्यों की नींव रखेंगे.
सीएम भजनलाल शर्मा आवास पर रिफाइनरी प्रगति के संबंध में बैठक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आवास पर रिफाइनरी प्रगति के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण बैठक ले रहे हैं. बैठक में एचपीसीएल के सीइओ विकास कौशल और एचआरआरएल के सीईओ कमलाकर, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, ऐसीएस माइनिंग एंड पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा ,प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया,रिफायनरी एंव प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे.
जूली ने पूछा सवाल- यमुना का पानी कब आएगा
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने यमुना जल समझौते को लेकर भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले भी फोटो खिंचवा आए. कल भी फोटो खिंचवा आए हैं, लेकिन पानी कब आएगा. मंत्री सुरेश रावत के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि ये कह रहे हैं, पहले MOU था, अब MOA है. ठीक है, आप तो ये बताओ पानी कब आएगा?
जयपुर में OSLO क्लब पर पुलिस का छापा
जयपुर में OSLO क्लब पर पुलिस ने छापा मारा. क्लब की आड़ में हुक्का बार चल रहा था. आधा दर्जन हुक्के और फ्लेवर सहित अन्य चीजे बरामद हुईं. पुलिस ने मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया. पिछले काफी लंबे समय से हुक्का बार चल रहा था.
जयपुर में हत्या, शादी में आए थे बदमाश
जयपुर के सांगानेर सदर इलाके में हत्या हो गई. शादी में आए बदमाश दुकान पर बैठकर शराब पी रहे थे. दुकानदार संजू ने रोका तो उसे मार डाला. हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए.
खुले में लघुशंका करने से टोका तो फल विक्रेता पर हमला
जयपुर मुहाना मंडी में दुकान के बाहर खुले में लघुशंका (बाथरूम) करने से टोकने पर फल विक्रेता को भारी पड गया. नाराज युवक अपने चार-पांच साथियों के साथ लौटा, और दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में दुकान पर मौजूद व्यक्ति का सिर फट गया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे मंडी के अन्य व्यापारियों ने हिम्मत जुटाई मुख्य आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके बाकी साथी दुकान के बाहर से ही भाग गए.
जयपुर में पैगंबर साहब पर टिप्पणी से आक्रोश
जयपुर में पैगंबर साहब को लेकर टिप्पणी करने पर आक्रोश फैल गया. मंगलवार देर रात सदर थाने पहुंचे मुस्लिम समाज के युवक ने नाराजगी जताई. टिप्पणी करने वाली मुस्लिम लड़की के खिलाफ शिकायत दी.
आरोपी युवती को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. वजह कलकत्ता इलाके की रहनी वाली बतायी जा रही है.
इलेक्ट्रिक बस अचानक बंद, गेट लॉक होने से यात्री फंसे
जयपुर के टोंक रोड पर नई इलेक्ट्रिक सिटी अचानक बीच रास्ते बंद हो गई, जिससे करीब 25–30 यात्री अंदर फंस गए. घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे कुंभा मार्ग के पास की है. बस के अचानक रुकते ही उसके सभी गेट ऑटोमैटिक लॉक हो गए, और अंदर तेज सायरन बजने लगा, इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और बस के भीतर घुटन जैसी स्थिति पैदा हो गई. शुरुआत में ड्राइवर को भी समझ नहीं आया कि बस में क्या तकनीकी खराबी आई है.
Jaipur News LIVE: मानसून आने से पहले लोगों की चिंता बढ़ी
मानसून आगमन से पहले ही जयपुर के चाकसू कस्बे के नागौरी मोहल्ला स्थित वार्ड 22 के निवासियों की चिंताएं बढ़ गई है. मोहल्ले के मुख्य चौक और रास्ते पर फैली कीचड़ और बारिश के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है. वार्ड वासियों ने बताया कि नालियों के निर्माण और रास्ते की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन बाधित होता है और गंदगी फैलने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है.