महाराष्ट्र के रत्नागिरी के 'श्री भगवान महादेव सांबरे मुफ्त अस्पताल' में डॉक्टरों ने एक बड़ी चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल की है. अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पेट से 11 किलो वजनी के ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर उसकी जान बचाई है. यह ऑपरेशन अस्पताल और डॉक्टरों के लिए उल्लेखनीय सफलता मानी जा रही है.
बुजुर्ग मरीज के पेट में 11 KG का था ट्यूमर
जानकारी के अनुसार, मिरजोले पाडावेवाडी की रहने वाली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुरेखा गणपत लोंढे पिछले आठ दिनों से लगातार उल्टी, तेज पेट दर्द और भारी कमजोरी से पीड़ित थीं. परेशान बुजुर्ग महिला 'श्री भगवान महादेव सांबरे मुफ्त अस्पताल' पहुंची, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि उनके पेट में एक विशाल ट्यूमर फैल चुका है, जो आस पास के अंगों पर भी दबाव डाल रहा था.
अस्पताल के डॉक्टर्स ने बचाई महिला की जान
स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी करने का फैसला किया. अस्पताल के चिकित्सक सर्जन डॉ. आदेश पाल्येकर और एनेस्थेटिस्ट डॉ. जमशीर की देखरेख में डॉक्टरों की टीम ने करीब सवा घंटे तक चले ऑपरेशन में ट्यूमर को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया. फिलहाल बुजुर्ग महिला की स्थिति स्थिर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ्य हो रही है.
गांठ में तब्दिल हो चुका था ट्यूमर
डॉक्टरों ने बताया कि यह ऑपरेशन बेहद जटिल और जोखिम भरा था, लेकिन पूरी टीम के अनुभव और तकनीकी कुशलता से यह संभव हो सका. उन्होंने बताया कि यह एक जटिल तरह की गांठ में तब्दिल हो चुका था. उन्होंने ऑपरेशन करके इस ट्यूमर को निकाला जिसका वजन 11 किलोग्राम था. अब महिला की स्थिति स्थिर है और वह स्वस्थ्य हो रही है.
(रत्नागिरी से राकेश गुडेकर की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: NEET Paper Leak: कौन है डॉ. मनोज शिरूरे, जिसे CBI ने किया गिरफ्तार, बेटे के लिए खरीदा था नीट का पेपर














