Mumbai Ahmedabad Highway Accident: महाराष्ट्र के पालघर में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. बारात लेकर जा रहा टेम्पो मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर दहानू के धनिवारी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं. यह हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका दहल उठा.
यह हादसा तब हुआ जब शादी का टेम्पो सगाई समारोह के लिए बापूगांव से धनिवारी जा रहा था. बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने लंबा चक्कर बचाने के लिए टेम्पो को गलत दिशा में मोड़ दिया. इसी दौरान गुजरात से मुंबई की ओर आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर टेम्पो पर पलट गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग मौके पर ही दब गए.
मनोज सातवी की रिपोर्ट...
13 की मौत, कई जिंदगी मौत से जूझ रहीं
इस दुर्घटना में अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को तुरंत कासा उपजिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है.
टेम्पो में सवार थे 50 से ज्यादा बाराती
पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त टेम्पो में 50 से ज्यादा लोग सवार थे. शादी के खुशहाल माहौल में जा रहे ये लोग कुछ ही पल में इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए. घटना की खबर मिलते ही पालघर के सांसद हेमंत सवारा और पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख मौके पर पहुंचे. दोनों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया.
अधूरे हाईवे काम पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में यह हादसा ड्राइवर की लापरवाही से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही असली कारण स्पष्ट होगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है. इस हादसे के बाद मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर चल रहे अधूरे कंक्रीटिंग कार्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. सांसद हेमंत सवारा ने कहा कि सड़क का काम अधूरा होने के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं और इस मुद्दे को सरकार के सामने उठाया जाएगा.
ट्रॉमा सेंटर की मांग फिर उठी
पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक राजेंद्र गावित ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मांग की है कि घायलों और मृतकों के परिवारों को तुरंत सहायता दी जाए. साथ ही लंबे समय से अटके ट्रॉमा सेंटर के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की भी अपील की है.














