Mumbai Crime News: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई नागपाड़ा थाने में दर्ज मामले में की गई है. पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे मोहम्मद इकबाल सेलिया (78) की हत्या हुई थी. इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था.
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस की कार्यवाही में पता चला कि दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं और मोबाइल फोन बंद रखकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे.
नागपुर में छिपे थे आरोपी
गहन जांच के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नागपुर में छिपे हुए हैं. इसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 24 अप्रैल को नागपुर के वाड़ी ताजनगर इलाके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी कुख्यात गैंगस्टर सादिक कालिया (29) और आरिफ कालिया (25) आपस में रिश्तेदार हैं.
आरोपियों के परिजनों का हुआ था एनकाउंटर
आरोपी को शक था कि मृतक ने उसके परिजनों के एनकाउंटर में पुलिस की मदद की थी. इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर यह हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया. यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- Water Crisis: इंसान और जानवर एक ही जगह से पी रहे पानी, पुणे के आदिवासी गांवों में गहराया जल संकट