मुंबई में फीमेल सिंगर से 2 करोड़ की ठगी! कई बार किया यौन शोषण, बिल्डर के खिलाफ FIR दर्ज

मुंबई के मीरा रोड से सामने आए एक चौंकाने वाले मामले में एक सिंगर ने बिल्डर पर शादी का झांसा देकर 2 करोड़ रुपये की ठगी, बार-बार शारीरिक शोषण और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर काशीगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Female Singer Cheating Case: मुंबई के मीरा रोड से सामने आया यह मामला न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि भरोसे और रिश्तों के नाम पर की गई धोखाधड़ी की एक डरावनी तस्वीर भी दिखाता है. एक 32 वर्षीय सिंगर ने आरोप लगाया है कि एक बिल्डर ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक शोषण किया, करीब 2 करोड़ रुपये ठग लिए और बाद में जबरन गर्भपात भी कराया. पीड़िता की शिकायत पर काशीगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पीड़िता के अनुसार, वह एक ऑर्केस्ट्रा बार में सिंगर के रूप में काम करती थी. अक्टूबर 2023 में उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जो बार में अक्सर आता-जाता था. उसने खुद को रौनक ग्रुप से जुड़ा हुआ बिल्डर बताया. बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ा और दोनों के बीच नजदीकियां होने लगीं.

शादी का वादा करके पहली बार शोषण  

महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी का वादा किया और भरोसा जीतने के लिए उसे बार की नौकरी छोड़ने के लिए भी कहा. नवंबर 2023 में आरोपी पहली बार उसके घर आया. परिवार के सदस्य मौजूद नहीं थे, उसी दौरान शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए.

पीड़िता का कहना है कि इसके बाद आरोपी उसे कई जगहों पर ले गया, जिनमें अंधेरी, बांद्रा, लोनावला और गोवा शामिल हैं. इन जगहों पर भी शादी का झांसा देकर उसके साथ बार-बार संबंध बनाए गए. महिला का कहना है कि वह आरोपी के झूठे वादों पर भरोसा करती रही.

Advertisement

फ्लैट दिलाने के नाम पर 2 करोड़ की ठगी

मामले का सबसे बड़ा आरोप आर्थिक ठगी से जुड़ा है. महिला के अनुसार, आरोपी ने अंधेरी वेस्ट में एक फ्लैट दिलाने का वादा किया. कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई गई, लेकिन कहा गया कि संपर्कों के जरिए यह फ्लैट 5.48 करोड़ में मिल जाएगा. भरोसा कर महिला ने जून 2025 में 11 लाख रुपये का चेक दिया और बाद में अपनी जमा पूंजी, सोना बेचकर और दोस्तों से उधार लेकर करीब 2 करोड़ रुपये नकद आरोपी को सौंप दिए.

पैसे जमा न होने का खुलासा

कुछ समय बाद जब महिला ने रियल एस्टेट कंपनी से जानकारी ली, तो सामने आया कि फ्लैट के लिए कोई रकम जमा ही नहीं की गई थी. सवाल पूछने पर आरोपी टालमटोल करने लगा. महिला ने फ्लैट की बुकिंग रद्द कर 11 लाख का चेक तो वापस ले लिया, लेकिन 2 करोड़ रुपये अभी तक नहीं मिले हैं.

Advertisement

धमकी देने और डराने का आरोप

पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया. उसने खुद को बड़े पुलिस अधिकारियों से जुड़ा बताया और उसके काम में रुकावट डालने की कोशिश की. महिला का कहना है कि इस दौरान आरोपी का व्यवहार और आक्रामक हो गया.

जबरन गर्भपात का आरोप

महिला ने बताया कि नवंबर 2025 में वह गर्भवती हो गई थी. जब उसने आरोपी से शादी की बात की, तो उसने इनकार कर दिया. आरोप है कि दिसंबर 2025 में मीरा रोड के एक अस्पताल में उसे जबरन गर्भपात कराने पर मजबूर किया गया.

सबूत पुलिस को सौंपे, जांच जारी

पीड़िता ने अपने आरोपों के समर्थन में व्हाट्सऐप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और कुछ फोटो पुलिस को सौंपे हैं. आरोपी निशित पटेल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है. काशीगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धोखाधड़ी, दुष्कर्म, धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: अचानक 'वॉर रूम' क्यों पहुंचे Donald Trump? Ceasefire के बाद होगा भीषण युद्ध?