- मुंबई के वसई इलाके से आया दिल दहला देने वाला वीडियो, मासूम बच्चे को पड़ोसी ने उठा-उठकर पटका
- आरोपी शख्स ने पहले मासूम बच्चे का पैर पकड़ा और उसे हवा में उछाल दिया
- यह पूरी खौफनाक वारदात सोसाइटी के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है
क्या कोई इतना निर्दयी हो सकता है? कहां गई मानवता? कोई इंसानियत नहीं बची क्या? महाराष्ट्र के वसई से जो वीडियो सामने आया है,उसे देखने के बाद लोग ये सवाल पूछ रहे हैं. यहां एक शख्स ने अपने पड़ोसी से झगड़े का बदला उसके 4 साल के मासूम बेटे से ले लिया. शख्स ने मासूम को पैर पकड़कर हवा में उछाला और इससे भी जी नहीं भरा तो उसे जमीन पर कई बार पटका. हमले से बुरी तरह घायल हुआ बच्चा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.
क्या है पूरा माजरा?
घटना की डिटेल में जाते हैं. मामला मुंबई के वसई इलाके में बनी अनुपम घर संकुल सोसाइटी का है. यहां एक शख्स का अपने पड़ोसी से झगड़ा हो गया. शख्स इस बात से इतना बौखलाया कि उसने इसका बदला पड़ोसी के 4 साल के मासूम बेटे से ले लिया. आरोपी शख्स ने पहले मासूम बच्चे का पैर पकड़ा और उसे हवा में उछाल दिया. इतने से भी जी न भरा तो उसे उछालने के बाद जमीन पर पटक दिया. आरोपी ने इसके बाद बच्चे का सिर लोहे की एक लंबी पट्टी पर दे मारा. यह पूरी खौफनाक वारदात सोसाइटी के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.
यह भी पढ़ें- पत्नी के चरित्र पर शक था, नशीली दवा खिलाकर रेता गला, पुलिस ने 500 CCTV कैमरे खंगाल ऐसे धर दबोचा
मासूम की हालत गंभीर
यह पूरी घटना शाम को हुई जब पड़ोसी का बेटा सोसाइटी परिसर में खेल रहा था. आरोपी ने उसे पकड़कर रिक्शे में खींचा और पीटना शुरू कर दिया.सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी ने बच्चे को जमीन पर घसीटा और अत्यंत क्रूरता के साथ उसे हवा में उछालकर पटकता नजर आ रहा है(हम यहां वीडियो शेयर नहीं कर सकते). इस जानलेवा हमले में मासूम विघ्नेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. उसे फिलहाल मीरा रोड के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.घटना की गंभीरता को देखते हुए वसई पुलिस ने आरोपी संदीप पवार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.इस अमानवीय घटना के बाद पूरी सोसाइटी और परिसर में भारी आक्रोश है.
यह भी पढ़ें- खुलेआम बिक रहा था 'मेड इन पाकिस्तान' माल, मुंबई से सप्लाई रैकेट, दुकानों में पड़ी रेड तो रैकेट का भंडाफोड़














