महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले से सामूहिक नकल का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां 12वीं बोर्ड की परीक्षा में नकल के पुराने तरीकों को छोड़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (AI) का सहारा लिया गया. जिले के चामोर्शी स्थित जा. कृ. बोमनवार कनिष्ठ विज्ञान और कला महाविद्यालय में ChatGPT के जरिए पेपर हल करने की कोशिश का भंडाफोड़ हुआ है.
परीक्षा केंद्र से बाहर भेजा पेपर
जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर 12वीं के पॉलटिकल साइंस पेपर के दौरान सामूहिक नकल की कोशिश की गई. एग्जाम पेपर का फोटो बाहर भेजकर उसके उत्तर ChatGPT से खोजे गए और उनकी प्रिंट कॉपी परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की कोशिश की गई.
सीईओ के औचक निरीक्षण के बाद उजागर हुआ मामला
यह मामला तब उजागर हुआ जब जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाड़े ने 18 फरवरी को परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान केंद्र के बाहर संबंधित विषय के माइक्रो नोट्स और चल रहे पेपर के प्रश्नों के ChatGPT से निकाले गए प्रिंटआउट बरामद हुए.
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीईओ ने तुरंत जांच समिति गठित की. समिति की रिपोर्ट में सामूहिक नकल के प्रयास की पुष्टि होने के बाद प्रभारी सुधीर आखाडे की शिकायत पर चामोर्शी पुलिस थाने में केंद्र प्रमुख सहित तीन शिक्षकों और एक शिपाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
चार कर्मचारी सस्पेंड
शिक्षा विभाग ने संबंधित चारों कर्मचारियों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं. घटना के बाद जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: घर से ही चला रहीं थी फीमेल स्पर्म बेचने वाले रैकेट, बदलापुर में तीन महिलाओं पर केस दर्ज














