बम फेंकोगे तो भी प्यार मिलेगा; धमकियों के बीच स्टेज पर गरजे दिलजीत दोसांझ, मुंबई कॉन्सर्ट में उमड़े फैंस

मुंबई कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने उन्हें मिली बम धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोगों को डराकर शो से दूर रखने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि नफरत और धमकियों का जवाब वह सिर्फ प्यार से देंगे.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
बम धमकी के बाद भी नहीं डरे दिलजीत, स्टेज से दिया प्यार और शांति का संदेश
अल्टर्ड बाय NDTV
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • मुंबई कॉन्सर्ट में दिलजीत का जवाब, बोले- लोगों को डराकर शो से दूर रखना चाहते हैं
  • धमकियों के बीच स्टेज पर गरजे दिलजीत, कहा- नफरत का जवाब प्यार से दूंगा
  • 'शहरों में बारूदों का मौसम है...', दिलजीत की लाइन पर झूमे हजारों फैंस
मुंबई:

बम धमकियों और सुरक्षा अलर्ट के बीच मुंबई में अपने कॉन्सर्ट के दौरान पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने स्टेज से ही धमकी देने वालों को जवाब दिया. महालक्ष्मी रेसकोर्स में हजारों फैंस की मौजूदगी में दिलजीत ने कहा कि लोगों को डराकर उनके शो में आने से रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह ऐसे लोगों को भी केवल प्यार ही देंगे. दिलजीत ने अपने अंदाज में गांव, मिट्टी और प्रेम की बात करते हुए कहा कि नफरत और धमकियां उनके संदेश को नहीं बदल सकतीं.

मंच से दिया प्यार का संदेश, कहा- शहरों में बारूदों का मौसम है…

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने धमकियों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि लोग उनके शो में न आएं और डर के कारण कार्यक्रम से दूरी बना लें. उन्होंने स्टेज से कहा ‘कहते हैं दिलजीत को बम से उड़ा देंगे. उनका सिर्फ एक ही मकसद है कि लोग दिलजीत के शो में न आएं, डर जाएं और किसी भी तरह से रोके जाएं.'

इसी दौरान उन्होंने अपनी चर्चित लाइनों को भी दोहराया. ‘शहरों में बारूदों का मौसम है, गांव चलो ये अमरूदों का मौसम है.' इसके बाद उन्होंने कहा, ‘आप बम भी फेंक दो, मेरी तरफ से आपको सिर्फ प्यार ही मिलेगा.'

धमकियों के बावजूद दिलजीत पूरे कॉन्सर्ट के दौरान उत्साहित दिखाई दिए. उन्होंने लगातार दर्शकों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया.

उन्होंने कहा कि वह खुद गांव से आते हैं और उनके गीत भी गांव की मिट्टी से जुड़े हैं. दिलजीत ने कहा कि भले ही कोई उनके सभी गीतों को न समझे, लेकिन गांव की मिट्टी की खुशबू जरूर महसूस कर सकता है.

Advertisement

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का जताया आभार, पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां

दिलजीत ने कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, जबकि कई लोग बाहर भी इंतजार कर रहे थे. सुरक्षा जांच में समय लगना स्वाभाविक है क्योंकि पुलिस अपना काम अच्छी तरह से कर रही है. उन्होंने मुंबई पुलिस का विशेष रूप से धन्यवाद भी किया.

मुंबई कॉन्सर्ट से पहले कार्यक्रम को लेकर कई सुरक्षा चेतावनियां मिली थीं. मुंबई मेयर ऋतु तावड़े के ऑफिस को एक ईमेल मिला था, जिसमें कार्यक्रम पर आत्मघाती हमले की आशंका जताई गई थी.

धमकी भरे संदेशों में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित आवास 'जलसा' और अन्य स्थानों का भी जिक्र किया गया था. इसके बाद मुंबई पुलिस ने जांच और सुरक्षा जांच अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

Advertisement

बेंगलुरु शो को भी मिली धमकी, धमकियों के बीच जारी है 'ऑरा टूर'

मुंबई के बाद दिलजीत दोसांझ का अगला बड़ा कार्यक्रम 29 नवंबर को बेंगलुरु में प्रस्तावित है. रिपोर्टों के अनुसार बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर भी धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद नॉर्थ CEN क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. 

ईमेल में NICE ग्राउंड्स में होने वाले कार्यक्रम को निशाना बनाने, आईईडी विस्फोट और अन्य सुरक्षा खतरों का जिक्र किया गया था. इसके बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी.

दिलजीत दोसांझ का भारत दौरा 'ऑरा टूर' के तहत जारी है. दिल्ली-एनसीआर, इंदौर, अहमदाबाद और मुंबई में प्रस्तुति देने के बाद वह बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ में भी अपने शो करने वाले हैं.

यह भी पढ़ें : दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट से पहले MNS का विरोध, ड्रग्स को लेकर पुलिस में शिकायत
 

Featured Video Of The Day
परिसीमन के बाद किस राज्य में कितनी सीटें बढ़ेंगी?

Topics mentioned in this article
Diljit Dosanjh
Mumbai Concert
Bomb Threat
Diljit Dosanjh Viral Video
Diljit Dosanjh Mumbai Concert

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं