- महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर दिवंगत अजित पवार के निधन के बाद उपचुनाव होने जा रहा है.
- अजित पवार की पत्नी और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार इस उपचुनाव में एनसीपी उम्मीदवार के रूप में भाग लेंगी
- कांग्रेस ने सुनेत्रा पवार की मदद की गुहार को ठुकराते हुए आकाश मोरे को बारामती सीट का उम्मीदवार बनाया है.
Baramati Bypoll: पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के साथ-साथ कई राज्यों में खाली हुई सीटों पर उपचुनाव भी होने है. उपचुनाव में सबसे ज्यादा नजरें महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर टिकी है. जहां से एनसीपी नेता अजित पवार लगातार जीतते आए थे. अजित पवार बारामती से आठ बार विधायक रहे हैं. विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है. जिसमें उनकी पत्नी और महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार चुनाव लड़ने जा रही हैं. सुनेत्रा बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन समाप्त होने के अंतिम दिन अपना नॉमिनेशन फाइल करने वाली हैं. इससे पहले बारामती को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में वो हुआ, जो विरले हुआ करता है.
सुनेत्रा ने कांग्रेस से मांगी थी मदद
सुनेत्रा पवार ने बारामती उपचुनाव के लिए अपने विरोधी कांग्रेस से मदद मांगी. रविवार को उन्होंने राज्य कांग्रेस प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल को फोन करके उनसे बारामती विधानसभा क्षेत्र में उनका निर्विरोध उपचुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया. सुनेत्रा इस सीट से चुनाव लड़ रही हैं. लेकिन उनकी यह गुहार बेकार गई. कांग्रेस ने सुनेत्रा की गुहार को दरकिनार करते हुए बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी.
कांग्रेस ने नहीं मानी, आकाश मोरे को बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस ने बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अधिवक्ता आकाश विश्वनाथ मोरे को उम्मीदवार बनाया है. यह फैसला ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में लिया गया है. महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने 5 अप्रैल 2026 को इसकी जानकारी दी. बारामती सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार के निधन के कारण खाली हुई थी.
सुनेत्रा आज बारामती से करेंगी नामांकन
नामांकन की तैयारी: उपमुख्यमंत्री की पत्नी सुनेत्रा पवार आज बारामती उपचुनाव के लिए अपना पर्चा दाखिल करने वाली हैं. इस मौके पर प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल जैसे दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे. विपक्षी राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह बारामती क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले दिवंगत अजित पवार के सम्मान में उपचुनाव नहीं लड़ेगी.
शिवसेना ठाकरे गुट से भी सुनेत्रा ने मांगा समर्थन
एक दिन पहले सुनेत्रा पवार ने 23 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे का समर्थन मांगा था. इस सीट पर चुनाव सुनेत्रा के पति और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जनवरी में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु के कारण हो रहा है. ठाकरे की पार्टी ने अभी तक सुनेत्रा पवार की मांग पर शिवसेना (उबाठा) का रुख स्पष्ट नहीं किया है.
यह भी पढ़ें - बारामती में सुनेत्रा पवार की गुहार के बावजूद कांग्रेस ने उतारा उम्मीदवार, आकाश मोरे से होगी टक्कर













