Bandra Demolition Drive: मुंबई के बांद्रा इलाके में बीएमसी (BMC) के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अवैध मस्जिद ढहाने के बाद अचानक माहौल गरमा गया. बुलडोजर कार्रवाई का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में भारी पथराव हुआ. इस हिंसक घटना में 7 पुलिसकर्मियों और 3 प्रदर्शनकारियों सहित कुल 10 लोग घायल हो गए हैं. सभी घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें छह को भाभा अस्पताल लाया गया था.
भाभा अस्पताल के अनुसार, घायल पुलिसकर्मियों में विपुल विजय कुमार कदम, मनीष भीमराव बच्छाव और वैभव गीते को भर्ती कराया गया था. प्राथमिक उपचार के बाद, ये तीनों पुलिसकर्मी मेडिकल सलाह के खिलाफ अस्पताल से चले गए. प्रदर्शनकारियों में फिझान अन्वाज खान, अनस रशीद खान और अन्सार अली बेग घायल हुए हैं. इनमें से अन्सार अली बेग को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है. वहीं, बाकी दोनों प्रदर्शनकारी मेडिकल सलाह के खिलाफ अस्पताल से चले गए.
एक पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती
वीएन देसाई अस्पताल के प्रशासन ने बताया कि उनके यहां चार घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए लाया गया था. घायल पुलिसकर्मियों के नाम जितेंद्र कुमार सतेंदर, नवनाथ अण्णा मुदगुल, ओंकार दीपक कोली और चंद्रकांत ढांबले हैं. इनमें से जितेंद्र कुमार सतेंदर की हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है. बाकी अन्य तीन पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
पथराव करने वालों पर पुलिस का एक्शन
मुंबई पुलिस ने पथराव करने वालों पर कार्रवाई करना भी शुरू कर दिया है, जिसमें अब तक 10 लोगों को गिरफ्तारी हो चुकी है. इसके अलावा पुलिस ने रात में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया. पुलिस का कहना है कि पथराव करने वाले हर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा और मामला भी दर्ज होगा. आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस ने वीडियो की मदद ले रही है.
(रुत्तिक गणकवर की रिपोर्ट)
NOTE: ये खबर अपडेट की जाएगी...














