कौन है धीरेंद्र शास्त्री का भाई शालिग्राम? मारपीट के कई केस हैं दर्ज, बाबा बागेश्वर खत्म कर चुके हैं संबंध

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग उर्फ सौरव गर्ग एक बार फिर विवादों में हैं. जमीन विवाद में किसान से मारपीट और गोली चलाने के आरोपों के बीच उनका नाम चर्चा में आया है. शालिग्राम का विवादों से पूराना नाता है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम पर किसान के साथ मारपीट करने और गोली चलाने के आरोप हैं.
  • फरवरी 2023 में शालिग्राम पर दलित परिवार की शादी समारोह में पिस्टल लहराने और धमकी देने का आरोप लगा था.
  • 2024 में टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों से विवाद और मारपीट के मामले में शालिग्राम समेत दस लोगों पर केस दर्ज हुआ.

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग उर्फ सौरव गर्ग एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उन पर जमीन विवाद में एक किसान के साथ मारपीट और गोली चलाने का आरोप लगा है. हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब उनका नाम किसी विवाद से जुड़ा हो. पिछले कुछ वर्षों में शालिग्राम पर पिस्टल लहराने, धमकी देने, मारपीट करने और टोलकर्मियों से झगड़े जैसे आरोप लग चुके हैं. 

इतना ही नहीं, वर्ष 2024 में उन्होंने एक वीडियो जारी कर धीरेंद्र शास्त्री और बागेश्वर धाम से अपने मामलों को अलग रखने की बात भी कही थी. लगातार विवादों में रहने वाले शालिग्राम आखिर कौन हैं और उनका बागेश्वर धाम से क्या संबंध है, आइए विस्तार से जानते हैं...

धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई हैं शालिग्राम

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम के प्रमुख हैं और देशभर में अपनी कथाओं और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए जाने जाते हैं. उनका जन्म 4 जुलाई 1996 को हुआ था. वहीं उनके छोटे भाई शालिग्राम गर्ग उर्फ सौरव गर्ग का जन्म वर्ष 2000 में हुआ माना जाता है. उनके पिता पंडित रामकृपाल गर्ग कथावाचक रहे हैं, जबकि माता सरोज गर्ग गृहिणी हैं. परिवार लंबे समय से धार्मिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है.

जुलाई 2026: जमीन विवाद में फिर चर्चा में आया नाम

शालिग्राम गर्ग का नाम मंगलवार को एक जमीन विवाद में सामने आया है. घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन पर गोली चलाई गई. घटना के बाद किसान को अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फिलहाल सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Advertisement

फरवरी 2023: शादी समारोह में पिस्टल लहराने का आरोप

शालिग्राम पहली बार बड़े विवाद में तब आए थे, जब फरवरी 2023 में छतरपुर के गढ़ा गांव में एक दलित परिवार की शादी के दौरान हंगामे का मामला सामने आया था. आरोप था कि उन्होंने शादी समारोह में पिस्टल लहराई, लोगों को धमकाया और गाली-गलौज की. इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. वीडियो में उनके हाथ में सिगरेट और हथियार दिखाई देने का दावा किया गया था. मामले में एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी. बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी.

अप्रैल 2024: टोल प्लाजा पर हुआ विवाद

अप्रैल 2024 में शालिग्राम गर्ग का नाम फिर सुर्खियों में आया. सागर जिले के मुगवारी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर टोलकर्मियों और उनके बीच विवाद हो गया था. आरोप लगाया गया कि टोल मांगने पर उन्होंने अपने साथियों के साथ टोलकर्मियों के साथ मारपीट की. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने शालिग्राम समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था. यह घटना भी काफी चर्चा में रही थी.

Advertisement

दिसंबर 2024: धीरेंद्र शास्त्री से संबंध खत्म करने का दावा

दिसंबर 2024 में शालिग्राम गर्ग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में उन्होंने कहा था कि उनके व्यक्तिगत मामलों को बागेश्वर धाम या पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से न जोड़ा जाए. उन्होंने यह भी कहा था कि उनका और धीरेंद्र शास्त्री का अब कोई संबंध नहीं है तथा इसकी जानकारी कोर्ट में भी दी जा चुकी है.

Featured Video Of The Day
लश्कर की ट्रेनिंग का वीडियो, क्या है प्लान?

Topics mentioned in this article
Shaligram Garg Firing Case
Dhirendra Krishna Shastri Case
Bageshwar Dham Controversy
Dhirendra Shastri Bageshwar Dham
Madhya Paradeh News