- पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों पर झालमुड़ी स्टॉल लगाने पर विचार
- मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि झालमुड़ी अब MP के पर्यटन स्थलों में खान-पान में विविधता का हिस्सा बनेगी
- एमपी टूरिज्म बंगाल के स्ट्रीट फूड को राज्य के पर्यटन स्थलों पर शामिल कर सांस्कृतिक मेल-जोल बढ़ाएगा
Jhalmuri Stalls in MP: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में बीजेपी की प्रचंड जीत का असर सीधे मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों पर दिखने वाला है. बंगाल की गलियों में मिलने वाली चटपटी झालमुड़ी अब मध्यप्रदेश के पचमढ़ी, खजुराहो और सांची जैसे मशहूर पर्यटन स्थलों की शान बनेगी. दरअसल प्रदेश सरकार अब इन टूरिस्ट स्पॉट्स पर झालमुड़ी स्टॉल लगाने पर गंभीरता से विचार कर रही है.
मंत्री बोले- अब एमपी में घुलेगा झालमुड़ी का स्वाद
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने बंगाल चुनाव के नतीजों पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बंपर जीत जनता का प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसे और वहां व्याप्त 'जंगलराज' के अंत का प्रतीक है. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जिस तरह चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी ने सुर्खियां बटोरीं, अब उसे मध्यप्रदेश के पर्यटन का हिस्सा बनाने की तैयारी है. विभाग का मानना है कि इससे न केवल खान-पान में विविधता आएगी, बल्कि पर्यटकों को एक नया अनुभव भी मिलेगा.
ये भी पढ़ें: झालमुड़ी ही नहीं, बंगाल के ये 5 स्ट्रीट फूड हैं स्वाद के असली बादशाह, ऐसे पाएं घर बैठे कोलकाता का असली मजा
क्यों खास है एमपी में झालमुड़ी की एंट्री?
अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एमपी टूरिज्म अब 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की तर्ज पर बंगाल के मशहूर स्ट्रीट फूड को अपने मेन्यू में जगह देने पर विचार कर रहा है. इससे सांस्कृतिक मेल-मिलाप बढ़ेगा. जिसके तहत राज्य के पर्यटन स्थलों पर खास 'झालमुड़ी कॉर्नर्स' बनाने की योजना है, जिससे स्थानीय लोगों को नया रोजगार भी मिलेगा. सोशल मीडिया पर 'चुनावी झालमुड़ी' के वायरल होने के बाद अब सैलानियों में भी इसे लेकर क्रेज देखा जा रहा है.
मोदी के 'झालमुड़ी' प्रेम ने बनाया इसे नेशनल स्नैक
बता दें कि झालमुड़ी का सियासी सफर तब शुरू हुआ था जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल दौरे के दौरान झाड़ग्राम में एक दुकान पर रुक कर इसे खाया था. उसके बाद से ही यह साधारण सा दिखने वाला स्नैक 'पॉलिटिकल हॉट टॉपिक' बन गया. सोमवार को जैसे ही बंगाल चुनाव के नतीजे आए, मध्यप्रदेश समेत देशभर में बीजेपी दफ्तरों के बाहर जश्न का नजारा बदला हुआ था. लड्डू और पेड़ों की जगह कई जगह बीजेपी नेता और कार्यकर्ता एक-दूसरे को झालमुड़ी बांटते और जीत का 'तीखा-चटपटा' स्वाद लेते नजर आए.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी की 'झालमुड़ी' हिट, बंगाल में लेफ्ट का तो खाता ही नहीं खुला, चुनाव आयोग के रूझान क्या बता रहे हैं?














