मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर पदोन्नति अभियान चलाकर करीब 25 हजार पुलिस कर्मियों को प्रमोशन दिया है. इसे पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस मुख्यालय में हुई वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि अब पुलिस को और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नशा मुक्ति अभियान और रिक्त पदों की भर्ती पर भी विशेष जोर दिया.
पुलिस मुख्यालय में CM ने ली समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 जुलाई को भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और विभिन्न पुलिस सुधारों की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हाल ही में चलाए गए पदोन्नति अभियान के तहत पुलिस विभाग में सबसे अधिक पदोन्नतियां हुई हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी.
25 हजार पुलिसकर्मियों को मिली पदोन्नति
मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेष अभियान के तहत पुलिस विभाग में विभिन्न स्तरों पर लगभग 25 हजार पदोन्नतियां की गई हैं. आरक्षक से लेकर उपनिरीक्षक और निरीक्षक स्तर तक लंबे समय से लंबित पदोन्नति मामलों का समाधान किया गया है. उन्होंने कहा कि पदोन्नति का लाभ सिर्फ कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि आम जनता को बेहतर पुलिस सेवाओं के रूप में भी मिलेगा.
'देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बने मध्य प्रदेश'
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता का पुलिस पर भरोसा सबसे बड़ी ताकत है. इस विश्वास को बनाए रखने के लिए पुलिस को संवेदनशील, जवाबदेह और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनानी होगी. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था मजबूत रहे और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हो, इसके लिए हर स्तर पर लगातार प्रयास किए जाने चाहिए.
त्योहारों और स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारों और स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि राजधानी से लेकर जिला स्तर तक पुलिस बल पूरी तैयारी के साथ तैनात रहे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल मिल सके.
डॉ. मोहन यादव ने केंद्र सरकार द्वारा लागू नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि सभी जिलों में पुलिस अधिकारियों को इन कानूनों के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए और उनका सही तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
नशा मुक्ति अभियान को और मजबूत करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति अभियान को लगातार चलाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान को लोगों का अच्छा समर्थन मिला है. पुलिस विभाग को शिक्षा संस्थानों के साथ मिलकर युवाओं में जागरूकता फैलानी चाहिए और नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में.
रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग में रिक्त पदों की भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया नियमित रूप से चलती रहे. इसके लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाए और किसी भी पद को लंबे समय तक खाली न रहने दिया जाए. उन्होंने बैकलॉग समाप्त करने और स्वीकृत पदों को जल्द भरने पर भी जोर दिया.