पति ने काटा पत्नी का सिर, पूरे गांव में लेकर घूमा; चरित्र शंका के चलते उठाया ये कदम

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी पत्नी का कटा सिर लेकर गांव में घूमता रहा, जिससे दहशत फैल गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Husband Brutal Murder Wife: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा. इस खौफनाक मंजर से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. मामला रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेली का है, जहां पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

कोरबा से नानक राजपुत की रिपोर्ट...

गांव में फैली दहशत, लोग रह गए सन्न

ग्राम बुंदेली में हुई इस घटना ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया. आरोपी की पहचान सालिकराम यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. इसके बाद वह एक हाथ में कटा हुआ सिर और दूसरे हाथ में धारदार हथियार लेकर गांव की गलियों में घूमता रहा. यह दृश्य देखकर ग्रामीण डर के मारे सहम गए.

फार्म हाउस में मजदूरी करते थे पति‑पत्नी

जानकारी के मुताबिक, आरोपी और उसकी पत्नी दोनों एक फार्म हाउस में मजदूरी करते थे. दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. यह आरोपी की दूसरी शादी बताई जा रही है. चरित्र को लेकर उसे पत्नी पर शक था, जिस वजह से आए दिन झगड़े होते रहते थे. बुधवार को यही विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.

पुलिस चौकी जाने की कर रहा था तैयारी

हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी का कटा हुआ सिर और चाकू एक प्लास्टिक की बोरी में रखा और उसे मोटरसाइकिल की डिक्की में रख लिया. बताया जा रहा है कि वह पुलिस चौकी जाने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान गांव के लोगों को शक हुआ और उन्होंने उसे रोक लिया.

Advertisement

बोरी खुलते ही उड़े होश

ग्रामीणों ने जब आरोपी से बोरी खोलने को कहा, तो अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए. बोरी में कटा हुआ सिर और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार रखा हुआ था. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है. मृतका के शव और सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है. इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. लोग अब भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे कि कोई पति इस हद तक जा सकता है.  

Advertisement
Featured Video Of The Day
प. बंगाल में हो गया खेल? वोटिंग के दौरान शाम 5 बजे आई सबसे बड़ी खबर