Bhojshala Puja: धार स्थित भोजशाला मामले में कोर्ट के फैसले के बाद कानून व्यवस्था बिगाड़ने की सोच रखने वालों को गुरुवार को एसपी सचिन शर्मा ने सख्त लहजों में चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर वो कार्रवाई की जाएगी, जो उन्होंने सोचा तक नहीं था. उन्होंने सभी लोगों से शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. एसपी के इस चेतावनी का वीडियो भी वायरल हो रहा है.
दरअसल, भोजशाला मामले में हाईकोर्ट के फैसले के बाद इलाके में सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है. इसी क्रम में गुरुवार को शुक्रवार से पहले की शाम को एसपी पुलिस बल के साथ फ्लैग-मार्च पर निकले थे. इसी दौरान उन्होंने कहा, सोशल मीडिया पर जो लोग हाईकोर्ट के फैसले को लेकर अफवाह फैला रहे हैं, गलत जानकारी दे रहे हैं, मैं उनको आखिरी बार समझाइश देने आया हूं. अब तक तो गुरुवार की शाम तक समय उनका था, लेकिन अब कानून का पालन होगा.
सचिन शर्मा
हाईकोर्ट के फैसले के बाद आज पहला शुक्रवार
दरअसल, 15 मई को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भोजशाला को मंदिर करार दिया था. इसके बाद से वहां पर हिंदू समुदाय को पूजा करने की अनुमति है. हाईकोर्ट के फैसले के बाद यह पहला शुक्रवार है, जब मुस्लिम समुदाय को भोजशाला में नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी. उस दौरान कोर्ट ने फैसले में कहा था, भोजशाला परिसर-कमाल मस्जिद का विवादित क्षेत्र एक मंदिर और संस्कृत शिक्षा का केंद्र है. केंद्र सरकार देवी सरस्वती की मूर्ति ला सकती है. हालांकि यहां ASI का पूरा नियंत्रण रहेगा.
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मुस्लिम समुदाय
वहीं, मुस्लिम समाज हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. कमाल मौला वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष और भोजशाला प्रकरण के प्रतिवादी अब्दुल समद खान ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मुस्लिम समाज न्यायालय के फैसले और संविधान का सम्मान करता है. उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की गई है और मामले में जल्द स्टे मिलने की उम्मीद है. अब्दुल समद खान ने कहा कि प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण शुक्रवार को भोजशाला परिसर में नमाज अदा नहीं की जाएगी. मुस्लिम समाज के लोग अपने घरों और नजदीकी मस्जिदों में जुम्मे की नमाज अदा करेंगे.














