BJP विधायक से ठगी! राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बन ठगे 10 हजार रुपये, 4 घंटों में धराया आरोपी

रायपुर के बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा साइबर ठगी का शिकार हो गए, जहां ठग ने खुद को नितिन नवीन का पीए बताकर 10 हजार रुपये ठग लिए. ट्रू कॉलर पर भरोसा कर विधायक ने दो बार में पैसे ट्रांसफर किए. शक होने पर तुरंत पुलिस को जानकारी दी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

BJP MLA Cyber Fraud: भरोसे का फायदा उठाकर ठगी करने वाले साइबर अपराधी अब जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बना रहे हैं. रायपुर उत्तर से बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा भी ऐसी ही चालाक ठगी का शिकार हो गए. खुद को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताकर एक आरोपी ने उनसे पहले मदद के नाम पर पैसे मांगे और फिर दो बार में 10 हजार रुपये ठग लिए. मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और 4 से 5 घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

कैसे हुआ पूरा फर्जी कॉल का खेल?

दरअसल, रायपुर के बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले शख्स ने खुद को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया. उसने बातों-बातों में कहा कि उसे तुरंत पैसों की जरूरत है और मदद की अपेक्षा जताई. बातचीत का तरीका ऐसा था कि पहली नजर में कोई शक नहीं हुआ.

ट्रू कॉलर में नाम देख बढ़ा भरोसा

विधायक ने सावधानी बरतते हुए नंबर को ट्रू कॉलर पर चेक किया. वहां नंबर नितिन नवीन के पीए के नाम से ही दिख रहा था, जिससे उन्हें यकीन हो गया कि कॉल सही हो सकता है.  

दो बार में ट्रांसफर कराए पैसे

मदद के इरादे से विधायक पुरंदर मिश्रा ने पहले 4,500 रुपये ट्रांसफर किए. कुछ ही देर बाद आरोपी ने फिर संपर्क किया और इस बार 5,500 रुपये और भेजने की बात कही. विधायक ने भरोसा करते हुए यह रकम भी भेज दी. इस तरह कुल 10 हजार रुपये की ठगी हो गई.

Advertisement

शक होने पर तुरंत लिया एक्शन

दूसरी बार पैसे मांगने के तरीके और बातचीत की शैली पर विधायक को संदेह हुआ. उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है. बिना देरी किए उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी. शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की. तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की लोकेशन ओडिशा में ट्रेस हुई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 से 5 घंटों में आरोपी को वहीं से गिरफ्तार कर लिया.

जरूरतमंद की मदद- विधायक मिश्रा

इस मामले पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि उन्होंने किसी जरूरतमंद की मदद समझकर पैसे भेजे थे. उनका कहना है कि जैसे ही उन्हें मामला संदिग्ध लगा, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे आरोपी को पकड़ने में मदद मिली.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Mumbai की सोसाइटी में कुर्बानी के शेड बनाने पर मचा बवाल! बकरीद पर High Alert