Bhopal Minor Rape Case: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शहर के हबीबगंज थाना क्षेत्र में पांच साल की किंडरगार्डन छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया. आरोप 75 वर्षीय पड़ोसी एडवोकेट पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पीड़िता के पिता एक डिफेंस ऑफिसर हैं. मासूम बच्ची आरोपी की नातिन के साथ खेलने उसके घर गई थी, जहां इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया. मामले में पॉक्सो और बलात्कार की धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है.
खेलने के बहाने घर ले गया आरोपी
हबीबगंज थाने की एसआई मुक्ता शर्मा के अनुसार, घटना 3 मई की है. आरोपी अपने परिवार के साथ रहता है और उसकी नातिन के साथ पीड़ित बच्ची का रोजाना खेलना होता था. घटना वाले दिन भी बच्ची खेलने के लिए आरोपी के घर पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी उसे बहाने से एक कमरे में ले गया और उसके साथ गंदी हरकत की.
मासूम ने मां को बताया दर्द
घटना के बाद बच्ची घर लौटी. रात में उसने अपनी मां से प्राइवेट पार्ट में दर्द होने की शिकायत की. जब मां ने देखा तो वहां खरोंच के निशान थे. बच्ची की तकलीफ देखकर परिजन घबरा गए और उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया.
Bhopal Minor Rape Case: भोपाल रेप केस
डॉक्टर ने जताई अनहोनी की आशंका
डॉक्टर ने जांच के बाद बच्ची के साथ गलत काम होने की आशंका जताई. इसके बाद परिजन सीधे थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस ने बच्ची और परिजनों से पूछताछ की.
“नाना ने गंदी हरकत की”
पुलिस पूछताछ के दौरान मासूम बच्ची ने साफ‑साफ बताया कि पास में रहने वाले “नाना” ने उसके साथ गंदी हरकत की है. इस बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और रेप की धाराओं में केस दर्ज किया.
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी एडवोकेट को गिरफ्तार किया. शुरुआती पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने बच्ची के साथ छेड़खानी की बात स्वीकार कर ली. आरोपी को उसी शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और पीड़ित बच्ची व उसके परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर समाज में मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें : महाराष्ट्र में हर घंटे रेप; राज्य से 1.5 लाख महिलाएं और लड़कियां लापता, MLA रोहित पवार ने उठाए गंभीर सवाल
यह भी पढ़ें : कैलाश विजयवर्गीय पर बंगाल में दर्ज केस वापस होंगे; सांसद शंकर लालवानी का दावा, कांग्रेस की ECI से ये है मांग
यह भी पढ़ें : 7 मई को मुंबई-आगरा हाईवे जाम; MP में कांग्रेस की नई सियासी रणनीति, किसानों के दम पर सरकार को घेरने की तैयारी
यह भी पढ़ें : हनीमून मर्डर केस: सोनम की जमानत पर मेघालय सरकार की हाईकोर्ट में चुनौती, 12 मई को होगी अगली सुनवाई














