जेब पर हल्के लेकिन बेहद शानदार हैं ये 10 बजट डेस्टिनेशन

जेब पर हल्के लेकिन बेहद शानदार हैं ये 10 बजट डेस्टिनेशन

अपने परिवार के साथ इस बार गर्मियों की छुट्टी में कहीं बाहर जाना चाहते हैं, लेकिन बजट की चिंता सता रही है। हम आपको बता रहे हैं दस ऐसी जगहों के बारे में जिनकी खूबसूरती बेमिसाल है और यहां जाना आपकी जेब भी नहीं जलाएगा। 

मंगोलिया:  यह अनछुआ और अनदेखा देश है। यहां देखने के लिए गोबी मरुस्थल की विशालता, अल्टाई की सुनहरी पहाड़ियां, झील, जलप्रपात से लेकर उलान बटोर जैसा शहर भी है। यहां ट्रेकिंग, कैंपिंग, घुड़सवारी और ऊंट की सवारी का मजा लेते हैं। आप यहां बौद्ध मठों और पारंपरिक मंगोलियाई घरों में रहने का अनुभव भी कर सकते हैं। यहां भोजन भी सस्ता है क्योंकि मंगोलिया दुनिया की सबसे सस्ती जगहों में से एक है।

 
(तस्वीर में: गोबी मरुस्थल में खंडहर )

पोलैंड: पोलैंड प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक धरोहर के मामले में बहुत अमीर है। पोलैंड में कई किले और महल हैं, गिरजाघर और प्रार्थनाघर हैं, दूसरे विश्व युद्ध से जुड़े कई स्मारक और होलोकॉस्ट संग्रहालय हैं। वारसॉ, ग्डनैस्क, क्रैकॉ जैसी जगहें देखने लायक हैं। क्रैकॉ शहर की बाहरी सीमा पर वाइलिक्ज्का सॉल्ट माइन्स हैं जो यूरोप की सबसे पुरानी नमक की खदान है और यूनेस्को की विश्व धरोहरों में शामिल है। पोलैंड की मुद्रा भारत के मुकाबले बहुत मजबूत नहीं है, ऐसे में यह आपके लिए एक अच्छा बजट डेस्टिनेशन हो सकता है।

 
(तस्वीर में: वारसॉ का पुराना शहर)

मोरक्को: विशाल महल, भीड़ भरे बाजार, खूबसूरत बीच, विश्व का सबसे बड़ा मरुस्थल सहारा या उत्तरी अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी तुबकाल- मोरक्को में सबकुछ है। माराकेश से कैंसाब्लांका जैसे शहरों के बीच ट्रेन से सफर करना एक सही विकल्प है। यहां आप दिन भर में 50 डॉलर के खर्च पर समय बिता सकते हैं।

 
(तस्वीर में: सहारा मरुस्थल का दरवाजा कहे जाने वाला एट बेनहादु)

मेक्सिको: मेक्सिको में देखने के लिए बहुत कुछ है और यह आपकी जेब पर भी भारी नहीं पड़ता। यहां ऊंची इमारतों से लेकर सुंदर द्वीप, कोरल रीफ से लेकर शानदार रत्न, जंगल से लेकर पहाड़ - सभी का अनुभव किया जा सकता है। यहां नाइट लाइफ भी शानदार है और वाटर स्पोर्ट्स पसंद करने वालों के लिए भी बहुत कुछ है। हालिया समय में यहां अर्थव्यवस्था कमजोर पड़ी है और इसका असर टूरिज्म पर भी पड़ा है। यही वजह है कि यह सस्ता डेस्टिनेशन है। 1 मेक्सिकन पेसा करीब 4 रुपये के बराबर है।

 
(तस्वीर में: चिचेन इत्जा त्जोम्पैटली यानी खोपड़ियों की दीवार)

वियतनाम: यह देश भी बजट के हिसाब के बहुत शानदार है। यहां जमकर बारगेनिंग होती है। यहां देखने के लिए हलोंग की खाड़ी से लेकर सफेद रेत के बीच हैं और हनोई, ह्यू, होई और हो ची मिन्ह सिटी जैसे ऐतिहासिक व सांस्कृतिक शहर हैं। यहां के गांवों में भी रहकर एक नया अनुभव किया जा सकता है। 

 
कम्बोडिया: यह एशिया के सबसे सस्ते पर्यटन स्थलों में से है। होटेल से लेकर बीयर तक सभी एक डॉलर के अंदर मिल जाती है। यहां देखने के लिए ऐतिहासिक स्थल के साथ-साथ सुंदर बीच भी हैं। अंकोरवाट का प्रसिद्ध मंदिर भी यहीं है। 
 
म्यांमार: इसे गोल्डन पगोडा का देश कहते हैं। यहां एटीएम-क्रेडिट कार्ड नहीं चलते और इंटरनेट-मोबाइल कनेक्टिविटी भी कम ही है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ ही यहां के लोग बहुत मिलनसार और मददगार हैं। यहां का राजनीतिक इतिहास भले ही जैसा भी रहा हो, धीरे-धीरे यह एक शानदार पर्यटन डेस्टिनेशनल के रूप में उभर रहा है। 
 
फिलीपींस: यह एशिया के सर्वश्रेष्ठ बीच डेस्टिनेशन में है। बोराके द्वीप के तटों की खूबसरती देखने लायक है और यहीं मृत जंगल- सूखे पेड़ों से भरी झील- भी है। यहां डाइविंग का आनंद भी लिया जा सकता है। यहां खाना भी अलग लेकिन जेब के लिए अच्छा है। यहां एक द्वीप से दूसरे पर जाने के लिए फेरी की सुविधा है जो काफी अफोर्डेबल है।
 
(तस्वीर में: कालामिएन द्वीप)

श्रीलंका: पोलोन्नरुवा की मध्यकालीम राजधानी, दाम्बुला के गुफा मंदिर, सिगिरिया का लायन रॉक- ऐसे कई जगह यहां देखने लायक है। यह अपने शानदार बीच और विशाल बौद्ध प्रतिमाओं के लिए जाना जाता है। भारत का यह पड़ोसी वाकई में एक शानदार बजट डेस्टिनेशन है।

 
(तस्वीर में: गोल्डन बुद्धा)
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

लाओस: यहां शानदार स्मारक, हवेलियां, फ्रांसीसी और बौद्ध वास्तुकला, पहाड़, नदियां देखने लायक हैं। यह इतिहास में डूबी और खोई एक जगह है।