विज्ञापन

बिना Washing Machine के गंदे कंबल को कैसे धोएं? इस ट्रिक से एक ही बार में साफ हो जाएगा मोटे से मोटा कंबल

फेमस इंटरनेट पर्सनैलिटी पूनम देवनानी ने घर पर मोटे कंबल की सफाई करने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं-

बिना Washing Machine के गंदे कंबल को कैसे धोएं? इस ट्रिक से एक ही बार में साफ हो जाएगा मोटे से मोटा कंबल
बिना वॉशिंग मशीन के गंदे कंबल को कैसे धोएं?
(Photo Credit: NDTV)

सर्दियां आने वाली हैं, धीरे-धीरे रात के समय ठंड का एहसास भी बढ़ने लगा है. ऐसे में लोगों ने कंबल निकालने शुरू कर दिए हैं. लेकिन कई बार रखे-रखे कंबल में बदबू बढ़ जाती है. इसके साथ ही कई बार हम इस्तेमाल करने के बाद कंबल ऐसे ही रख देते हैं. ऐसे में फिर इन्हें साफ करने के लिए ड्राई क्लीन के लिए देना पड़ता है. लेकिन आप चाहें, तो घर पर भी बड़ी आसानी से कंबल की बदबू को दूर कर सकते हैं या मोटे से मोटे कंबल को धोकर भी साफ कर सकते हैं. इसे लेकर इंटरनेट पर्सनैलिटी पूनम देवनानी ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने घर पर कंबल की सफाई करने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं- 

कंबल की बदबू को कैसे दूर करें?

पूनम देवनानी बताती हैं, अगर आपका कंबल साफ है, लेकिन उससे बदबू आ रही है, तो इस बदबू को दूर करने के लिए आप एक स्प्रे बना सकते हैं. इसके लिए- 

  • सबसे पहले कंबल को अच्छी तरह झाड़ लें.
  • अब, एक गिलास में करीब दो चम्मच खुशबू वाला टैलकम पाउडर लें. इसमें थोड़ा पानी और थोड़ा सिरका डालकर अच्छी तरह मिला लें.
  • तैयार मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भर लें. 
  • कंबल को किसी साफ जगह पर फैलाएं और फिर इसपर तैयार स्प्रे का अच्छी तरह छिड़काव करें. 
  • इसके बाद कंबल को कुछ घंटों के लिए धूप में सुखाएं. 
  • पूरी तरह सूखने के बाद कारपेट वाले ब्रश से हल्के हाथ से साफ करें, ताकि पाउडर के निशान निकल जाएं.
  • बस इतना करने से आपके कंबल से बदबू पूरी तरह गायब हो जाएगी. 
बिना वॉशिंग मशीन के गंदे कंबल को कैसे धोएं?

अगर आपका कंबल गंदा है और इसे धोना जरूरी है, तो इसके लिए- 

  • सबसे पहले एक बड़े टब में इतना गुनगुना पानी लें, जिसमें कंबल आसानी से भीग सके. पानी बहुत गर्म नहीं होना चाहिए.
  • अब, पानी में थोड़ा लिक्विड डिटर्जेंट डालें या आप पानी में शैंपू भी डाल सकते हैं. ध्यान रखें की कंबल को धोने के लिए आपको सूखा डिटर्जेंट इस्तेमाल नहीं करना है. इसमें ज्यादा झाग बनते हैं, जिससे बाद में कंबल को साफ करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है.
  • लिक्विड डिटर्जेंट या शैंपू डालने के बाद कंबल को पानी में अच्छी तरह डुबो दें और 2 घंटे के लिए छोड़ दें. 
  • 2 घंटे बाद कंबल पर हल्का प्रेशर बनाते हुए गंदे पानी को निकाल लें. 
  • अब, साफ पानी से कंबल को तब तक धोएं, जब तक उससे झाग आना बंद हो जाएं. 
  • इसके बाद टब को उल्टा कर उसके ऊपर कंबल को रखकर 30 मिनट तक छोड़ दें. ऐसा करने से कंबल से ज्यादातर पानी निकल जाएगा. 
  • इसके बाद किसी व्यक्ति की मदद से कंबल से बाकी पानी को निचोड़ लें. 
  • अब, आप इसे धूप में सूखने के लिए डाल सकते हैं. ध्यान रखें कि कंबल अंदर तक पूरी तरह सूख जाए, वरना उसमें सीलन और बदबू आ सकती है. 

बस इतना करते ही आपका कंबल पूरी तरह साफ हो जाएगा और आपको ड्राई क्लीन के पैसे नहीं देने पड़ेंगे. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- लेदर की जैकेट को कैसे साफ करें? जानें जैकेट को साफ करने का सबसे सही तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com