UP Teacher Job: उत्तर प्रदेश में जल्द ही बड़े स्तर पर टीचरों के पदों पर भर्ती की जाएगी. उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग बड़ी भर्ती की तैयारी कर रहा है. जानकारी के अनुसार यूपी के नगरीय परिषदीय स्कूलों में 11,508 सहायक अध्यापकों (Assistant Teachers) की भर्ती की जाएगी. जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 10,000 अनुदेशकों (Instructors) की नियुक्ति की तैयारी भी की जा रही है. लंबे समय बाद बेसिक शिक्षा विभाग सीधी भर्ती करने जा रहा है. अभी तक सामने आई जानकारी के अनुसार सभी 75 जिलों से रिक्त पदों का ब्योरा आयोग को भेजा गया है. उम्मीद है कि आयोग जल्दी ही आवेदन की प्रक्रिया को शुरू करेगा. राज्य में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए ये एक अच्छा मौका है.
शिक्षकों की कमी होगी दूर
इस भर्ती का मकसद शहरों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करना है. जानकारी के अनुसार छात्रों की संख्या बढ़ने पर आगे भी नई भर्तियां की जा सकती हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भर्ती प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने के संकेत दिए हैं. राज्य के जो युवा टीचर भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, वो इस मौके का फायदा जरूर उठाएं. अपनी तैयारी तेजी से शुरू कर दें. उम्मीद है कि कुछ ही महीनों में भर्ती का नोटिस जारी किया जा सकता है.
कहां जारी होगा भर्ती का नोटिफिकेशन
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ये भर्ती निकाली जानी हैं. इसलिए उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. उम्मीदवार ताजा अपडेट पाने के लिए समय-समय पर उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट को चेक करते रहें और नोटिफिकेशन जारी होते ही, आवेदन कर दें. भर्ती किस तरह से की जाएगी और इसकी क्या प्रक्रिया होगी. ये सारी जानकारी नोटिफिकेशन में दी जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं