विज्ञापन

मां ने लोगों के घरों में धोए बर्तन, खुद करना पड़ा नाई का काम; आज हैं सैकड़ों लग्जरी कारों के मालिक

Success Story: रमेश बाबू ने बचपन से ही संघर्ष देखा. उनकी मां ने दूसरों के घरों में काम कर अपने बच्चों को पाला. अपने पिता की नाई की दुकान संभालने के बाद रमेश बाबू ने अपनी मेहनत से करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर दिया.

मां ने लोगों के घरों में धोए बर्तन, खुद करना पड़ा नाई का काम; आज हैं सैकड़ों लग्जरी कारों के मालिक
देश के सबसे अमीर नाई के तौर पर मशहूर हैं रमेश बाबू

सफलता की कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जिन्हें सुनकर कई लोगों को यकीन नहीं होता है. ऐसी ही एक कहानी बेंगलुरु के रमेश बाबू की भी है, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बूते कामयाबी हासिल की और आज करोड़पति हैं. रमेश बाबू को सबसे अमीर नाई के नाम से भी जाना जाता है. एक दौर था जब उनके घर पर खाने के लाले पड़े थे और परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए उनकी मां को दूसरों के घरों के जूठे बर्तन साफ करने पड़े. यही वजह है कि उनकी सक्सेस स्टोरी सबसे खास है और आज भी कई लोगों को कुछ बड़ा करने के लिए प्रेरित करती है. 

बचपन में ही खो दिया पिता का साया

रमेश बाबू की उम्र उस वक्त महज 7 साल की थी, जब उन्होंने अपने पिता को खो दिया. ये वो दौर था, जब उनकी मां के सामने सबसे बड़ा सवाल ये था कि अब अपने बच्चों को कैसे पाले और दो वक्त की रोटी का जुगाड़ कैसे होगा. इसके बाद रमेश बाबू की मां ने लोगों के घर जाकर बर्तन साफ करना शुरू कर दिया, इससे जितने भी पैसे आते थे, उनसे घर का पूरा खर्च चलता था. 

रमेश बाबू के पिता पी गोपाल सड़क किनारे बाल काटने का काम किया करते थे, यही वजह है कि जैसे ही रमेश ने होश संभाला, उन्होंने भी यही धंधा शुरू कर दिया. 10वीं के बाद वो नाई का काम करने लगे और अपनी दुकान को धीरे-धीरे बड़ा किया. कुछ साल वो यही काम करते रहे. 

ऐसे शुरू किया दूसरा काम

बाल काटने के धंधे से थोड़ी कमाई हुई तो उन्होंने एक मारुति वैन खरीदकर उसे किराये पर देना शुरू कर दिया. जैसे ही उन्हें पता चला कि ये धंधा तो मुनाफे का है तो रमेश बाबू ने दूसरी गाड़ी भी खरीदकर उसे किराये पर दिया. ऐसे करते-करते उन्होंने अपना एक टूर एंड ट्रैवल बिजनेस शुरू कर दिया. जिसका नाम रमेश टूर एंड ट्रैवल्स रखा गया. ये बिजनेस इतना चला कि वो इसे एक्सपेंड करते गए और पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा. 

आज 400 से ज्यादा लग्जरी कारें

रमेश बाबू आज करोड़पति नहीं बल्कि अरबपति हैं. उनके पास लग्जरी कारों का बड़ा कलेक्शन है और करीब 400 से ज्यादा कारें हैं. उनके पास रॉल्स रॉयस से लेकर मर्सडीज और तमाम बड़ी कंपनियों की कारें शामिल हैं. रमेश बाबू ने सलून का काम नहीं छोड़ा और इसे भी एक ब्रैंड बना दिया. आज वो कई सलून के मालिक भी हैं और अपनी लग्जरी कारों में सलून तक जाते हैं. 

ये भी पढ़ें - IPS मलिका गर्ग की सक्‍सेस स्‍टोरी: IIT दिल्ली से UPSC, अब SVPNPA में नई जिम्मेदारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, Success Story In Hindi, Ramesh Babu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com